द फॉलोअप टीम, सरायकेला:
सरायकेला थाना क्षेत्र के टाटा-सरायकेला रोड पर रविवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 2 बच्चे भी शामिल है। हादसे के बारे में बताया जा रहा है कि कार ने पहले ऑटो को टक्कर मारी, उसके बाद पीछे से आ रहे ट्रक ने भी ऑटो को रौंद दिया। मृतकों में रौशन लोहार (28), दिव्यांश लोहार (2) और सोनू लोहार (8) शामिल है।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
गौरतलब है कि घटना के बाद कार चालक और ट्रक चालक फरार मौके से फरार हो गए। भागने के क्रम में ही ट्रक चालक ने सड़क पर गिरे ऑटो चालक को कुचल दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने 5 एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

ऑटो में जरूरत से ज्यादा सवारी थी
बताया जा रहा यही कि ऑटो में 14 लोग बैठे थे। 4 आगे, 4 बीच में और 6 बच्चे सबके गोद में बैठे थे। घायलों में सूरज दत्ता (21), अमित (7), आरती लोहार (25), गुलाब लोहार (26), बीबी शेख लोहार (11), राधा लोहार (25), रवी लोहार (28), कुची लोहार (18), पूजा (6), सकुंतला देवी (32), गुड़िया (6) शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता भी एमजीएम पहुंचे। उन्होंने घायलों के मुफ्त इलाज का आश्वासन दिया।

बच्चे की छट्ठी में शामिल होने गए थे सभी
घायल रवि लोहार ने बताया कि वे लोग छठिहार में शामिल होने गए थे और रविवार को जमशेदपुर लौट रहे थे। उनके ऑटो के पीछे एक कार थी जो ओवरटेक करने में अनियंत्रित हो गयी और ऑटो को टक्कर मार दी। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने भी ऑटो में टक्कर मारी। जिससे बच्चे दूर फेंका गए और कुछ लोग ऑटो के नीचे दब गए तो उन्हें ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला। रवि ने बताया कि ऑटो सूरज दत्ता चला रहा था। जबकि ऑटो चालक रौशन साइड में बैठा हुआ था।