logo

India Corona Update: बीते 24 घंटे में मिले 27,254 संक्रमित मरीज, 219 लोगों ने गंवाई जान

12775news.jpg

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में उतार-चढ़ाव लगातार जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में भारत में 27 हजार 254 नए मरीज मिले हैं। 37 हजार 687 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। 219 लोगों की मौत हो चुकी है। राहत की बात है कि कोरोना के नए मामलों और मौत की संख्या, दोनों में ही गिरावट आई है, हालांकि इस स्थिति को भी सामान्य नहीं कहा जा सकता। तीसरी लहर की आशंका के बीच स्थिति चिंताजनक ही है। 

4 लाख 42 हजार से ज्यादा लोगों की मौत
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का आंकड़ा बताता है कि देश में कोरोना महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक कुल 3 करोड़ 32 लाख 64 हजार 175 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 3 करोड़ 24 लाख 47 हजार 32 मरीज ठीक हो चुके हैं। एक्टिव कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या फिलहाल 3 लाख 74 हजार 269 है और ये काफी ज्यादा है। इसमें कमी लानी होगी। गौरतलब है कि कोरोना महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक देश में 4 लाख 42 हजार 874 लोगों ने जान गंवाई है। 

कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी
कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी है। मिली जानकारी के मुताबिक अभी तक देश में 74 करोड़ 38 लाख 37 हजार 643 नागरिकों को टीका लगाया जा चुका है। इनमें से 53 लाख 38 हजार 945 नागरिकों को बीत 24 घंटे में टीका लगाया गया है। गौरतलब है कि भारत में नागरिकों को भारत बायोटेक द्वारा विकसित कोवैक्सीन, सीरम इंस्टीट्यूट द्वारा उत्पादित कोविशील्ड, रूस द्वारा निर्मित स्पूतनिक वी का टीका लगाया जा रहा है। ज्यादा संख्या कोविशील्ड लगवाने वालों की है। 

केरल में संक्रमण के हालत चिंताजनक हैं
केरल अभी भी स्वास्थ्य मंत्रालय के लिए चिंता का सबब है। गौरतलब है कि बीते 24 घंटे में मिले कुल 27 हजार 254 संक्रमित मरीजों में से केवल केरल में ही 20 हजार 240 मरीज मिले हैं। कुल 219 लोगों ने जान गंवाई है जिसमें से केवल केरल में ही 67 मरीजों की मौत हो गई है। केरल में कोरोना के मामले लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं। इधर इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने बताया कि 12 सितंबर तक देश में 54 करोड़ 30 लाख 14 हजार 76 सैंपल की जांच की जा चुकी है।