logo

India Corona Update: नहीं थम रही रफ्तार! 24 घंटे में मिले 26,041 मरीज, 276 लोगों ने संक्रमण से गंवाई जान

13252news.jpg

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में 26 हजार 41 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इस दरम्यान 29 हजार 621 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। कोरोना संक्रमण की वजह से बीते 24 घंटे में 276 लोगों ने जान गंवाई है। गौरतलब है कि कोरोना के नए संक्रमितों की संख्या में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। हालांकि, पिछले 2 महीने में रोजाना औसतन 25 हजार नए कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। 

3 लाख से कम हुए एक्टिव कोरोना मरीज
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक फिलहाल देश में 2 लाख 99 हजार 620 एक्टिव कोरोना मरीज हैं। कोरोना महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक देश में 3 करोड़ 36 लाख 78 हजार 786 नागरिक संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 3 करोड़ 29 लाख 31 हजार 972 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। देश में अब तक 4 लाख 47 हजार 194 मरीजों की मौत हो चुकी है। गौरतलब है कि बीते 24 घंटे में 276 मरीजों की मौत हुई है। मौत का सिलसिला नहीं थमना वाकई चिंताजनक है। 

देश में जारी है टीकाकरण का अभियान
देश में कोरोना महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़े के मुताबिक अब तक 86 करोड़ 1 लाख 59 हजार 11 नागरिकों को टीका लगाया जा चुका है। इनमें से 38 लाख 18 हजार 362 मरीजों को बीते 24 घंटे में टीका लगाया गया है। गौरतलब है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा इसके लिए कोवैक्स अभियान चलाया जा रहा है कि जिसकी सराहना विश्व स्वासथ्य संगठन ने भी की है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पीएम मोदी के जन्मदिन वाले दिन देश में तकरीबन ढाई करोड़ लोगों को कोविड का टीका लगाया गया था। ये रिकॉर्ड था। 

केरल में कोरोना संक्रमण की स्थिति चिंताजनक
केरल में कोरोना की रफ्तार चिंताजनक है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में बीते 24 घंटे में सामने आए 26 हजार 41 मरीजों में से 15 हजार 951 मरीज केरल से हैं। 276 लोगों की मौत हुई है जिसमें से केवल केरल में ही 165 नागरिकों ने जान गंवाई है। केरल की स्थिति ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों को भी चिंता में डाल दिया है। आने वाले महीने में दुर्गा पूजा, दीवाली और छठ जैसे कई महापर्व-त्योहार हैं। इन त्योहारों में भीड़ की आशंका बनी रहती है। ऐसे में लोगों से कोविड गाइडलाइन का पालन करने की अपील है।