logo

रांची से पटना जाना हुआ महंगा, ट्रेन किराए में बढ़ोतरी, बुकिंग आज से

2237news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची :
दिवाली या छठ पूजा पर घर जाने की तैयार कर रहे हैं तो आपके लिए यह जानकारी जरूरी है। पूजा स्पेशल ट्रेन की बुकिंग रविवार दोपहर के बाद से शुरू हो जाएगी। रांची रेल मंडल के सीपीआरओ नीरज कुमार ने बताया कि इसके लिए कोलकाता से फिडिंग (फायरिंग) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है जिसे दोपहर तक इसे पूरा कर लिया जाएगा। पूजा को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ट्रेन चलाए जाने के कारण किराए में बढ़ोतरी की गई है। जहां पहले सामान्य श्रेणी में रांची से पटना जाने वाले यात्रियों को 263 रुपए का भुगतान करना पड़ता था। अब उन्हें 340 से 345 रुपए का भुगतान करना होगा। इसी के आधार पर अन्य श्रेणियों में भी 30 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है।

चार दिन बाद शुरू हुई टिकटों की बुकिंग
रेलवे बोर्ड ने बिहार और झारखंड की बहुप्रतीक्षित मांग पर गुरुवार को मुहर लगा दिया था। लेकिन टिकट बुकिंग शुरू नहीं होने से लगातार परेशानी हो रही थी। इस संबंध में रांची के डीआरएम ने बताया कि फायरिंग में समय लगता है। कोटा सेट करना होता है। इसी कारण से टिकट की बुकिंग में देरी हुई है। उन्होंने बताया कि रविवार शाम तक व्यवस्था सुचारू कर ली जाएगी।

10 नवंबर से शुरू होगा इन ट्रेनों का परिचालन
कोरोना काल के कारण करीब साढ़े सात माह से ये ट्रेनें बंद थीं। जिस कारण रांची से पटना जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। दीपावली व छठ को देखते हुए रांची से पटना के बीच 10 नवंबर से तीन ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसमें हटिया-पटना इस्लामपुर, हटिया-पटना पूर्णिया कोर्ट और रांची-पटना शामिल है। ये ट्रेनें 30 नवंबर तक हर रोज रांची से खुलेंगी। इसके अलावा भीड़ को ध्यान में रखते हुए रांची-पटना के बीच 22 नवंबर को एक और स्पेशल ट्रेन 02855 चलाई जाएंगी। ये ट्रेन दोनों तरफ से केवल 22 नवंबर को एक ट्रिप चलाई जाएगी। मांग के आधार पर आगे भी ट्रेन चलवाने का प्रयास करेंगे। 

ये भी पढ़ें......

यात्रियों की सुविधा का रखा जा रहा ख्याल
सीनियर डीसीएम अवनीश कुमार ने कहा कि टिकट की बुकिंग में किसी प्रकार की देरी नहीं हुई है। स्पेशल ट्रेन में कई चीजों का ख्याल रखना होता है। बोगी से लेकर सीटों की संख्या तक। इसके कारण एक दिन की देरी हुई है।