द फॉलोअप टीम, पटना
मुंगेर में दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई हिंसक और गोलीकांड की घटना को लेकर बवाल जारी है। इस घटना को लेकर मामला और गरमा गया है। घटना से आक्रोशित भीड़ ने मुंगेर की एसपी लिपि सिंह के दफ्तर पर हमला बोला। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने वासुदेवपुर थाने में आग लगा दी। इसके बाद भीड़ ने पूरबसराय की पुलिस चौकी पर धावा बोला और वहां मौजूद पुलिस की दो जिप्सी और कई बाइक को आग के हवाले कर दिया। इससे पहले भीड़ ने एसडीओ और डीएसपी दफ्तर एवं आवास पर भी पथराव किया। उग्र प्रदर्शन और आगजनी के बाद मुंगेर की एसपी लिपि सिंह और डीएम को हटा दिया गया है।
7 दिनों में मामले की सौंपी जाएगी रिपोर्ट
इस बीच चुनाव आयोग ने मुंगेर के हालात के मद्देनजर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को हटाने का आदेश दिया। मुंगेर की एसपी लिपि सिंह और डीएम को चुनाव आयोग के निर्देश पर हटाया गया है। इसी के साथ पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए। पूरे मामले की जांच मगध के डिवीजन कमिश्नर को दे दी गई है, जो सात दिन में अपनी रिपोर्ट सौपेंगे। नए डीएम और एसपी की तैनाती आज कर दी जाएगी।
मूंगेर में माहौल तनावपूर्ण
बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी घमासान जारी है, वहीं दूसरी तरफ मुंगेर का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। 26 अक्टूबर की शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान गोलीकांड के विरोध में चेंबर आफ कॉमर्स ने आज मुंगेर बाजार बंद बुलाया है। चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल समेत कई पदाधिकारी बाजार में व्यवसायियों से दुकान बंद करने की अपील करते दिखे। प्रदेश में जगह-जगह पर पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है।
ये भी पढ़ें...
पुलिस ने भीड़ पर लगाया पत्थरबाजी का आरोप
बता दें कि शादीपुर में बड़ी दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के दौरान निकली यात्रा के वक्त हंगामा हुआ था। पुलिस का कहना है कि लोगों की तरफ से पत्थर बाजी हुई और फायरिंग भी हो रही थी। स्थिति को काबू में करने के लिए कथित तौर पर पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी थी। इसी दौरान गोली लगने से 18 साल के एक युवक की मौत हो गई। इस वारदात में कई लोग घायल हैं और करीब 100 लोग हिरासत में लिए गए हैं।