logo

India Corona Update: कमजोर पड़ा कोरोना! 24 घंटे में मिले 18, 795 संक्रमित, 179 मरीजों ने गंवाई जान

13290news.jpg

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

भारत में कोरोना के नए संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी आई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में 18 हजार 795 मरीज मिले हैं। गौरतलब है कि सोमवार को देश में 26 हजार 41 मरीज मिले थे। मंगलवार को संक्रमित होने से ज्यादा ठीक होने वाले मरीजों की संख्या है। आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में 26 हजार 30 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। इस बीच 179 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी। सोमवार को 276 मरीजों की जान गई थी। 

एक्टिव मरीजों की संख्या 3 लाख से कम
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक भारत में कोरोना महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक 3 करोड़ 36 लाख 97 हजार 581 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 32 करोड़ 9 लाख 58 हजार 2 मरीज ठीक हो चुके हैं। 4 लाख 47 हजार 373 मरीजों को जान गंवानी पड़ी। फिलहाल देश में 2 लाख 92 हजार 206 एक्टिव संक्रमित मरीज हैं। गौरतलब है कि बीते कई महीनों में ये पहली बार है जब एक्टिव मरीजों की संख्या 3 लाख से कम है। 

84 करोड़ से ज्यादा लोगों का टीकाकरण
बात यदि टीकाकरण की करें तो देश में अब तक केंद्र शासित प्रदेशों और राज्यों में 84 करोड़ 70 लाख से ज्यादा नागरिकों का टीकाकरण किया जा चुका है। अभी भी 42 करोड़ 83 लाख वैक्सीन डोज पाइपलाइन में है यानी उपलब्ध है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास 4 करोड़ 75 लाख से ज्यादा वैक्सीन उपलब्ध है। 

केरल में कोरोना संक्रमण के सर्वाधिक मामले
गौरतलब है कि अभी भी कोरोना के सर्वाधिक मामले केरल में हैं। मिली जानकारी के मुताबिक बीते 24 घंटे में जो 18 हजार 795 मरीज मिले हैं उनमें से केवल केरल से ही 11 हजार 699 मरीज मिले हैं। कुल 179 मौत में से 58 लोगों की मौत केरल में हुई है। बता दें कि यूपी में सरकार ने ओपेन स्पेस में सार्वजनिक समारोह जैसे की शादी या राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करने की इजाजत दी है। हालांकि, लोगों की संख्या कितनी हो सकती है ये स्थान पर निर्भर करेगा।