द फॉलोअप टीम, नई दिल्ली:
इस समय दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आई है। खबर ये है कि केनरा बैंक समेत दर्जनभर बैंकों में 1200 करोड़ रुपये का फ्रॉड किया गया है। इसके बाद सीबीआई ने दिल्ली की एक कंपनी व इसके अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। इस मामले में सीबीआई ने गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर के 8 ठिकानों पर छापेमारी भी की। सीबीआई दिल्ली की अमीरा प्योर फूड्स प्राइवेट लिमिटेड और इसके शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसमें कंपनी के प्रोमोटर करण चनाना और प्रबंध निदेशक रोजश अरोड़ा के भी नाम शामिल हैं।
आरोपियों ने अकांउट में हेराफेरी की
एफआईआर में एमडी राजेश अरोड़ा, निदेशक करण चनाना, अपर्णा पुरी और जवाहर कपूर, पूर्व निदेशक अनिता डियांग और फाइनेंस हेड अक्षय श्रीवास्तव के नाम भी शामिल हैं। 27 साल पुरानी यह कंपनी बासमती समेत अन्य किस्म के चावल का निर्यात करती है। फ्रॉड का यह मामला पिछले साल 22 मई को एक फॉरेन्सिक ऑडिट में सामने आया। रिपोर्ट में कहा गया है इन आरोपियों ने अकांउट में हेरफेर की है और बैंक से फंड प्राप्त करने के लिए डॉक्यूमेंट्स में भी गड़बड़ी की है।
प्रोमोटरों के तार दुबई तक जुड़े
रिपोर्ट में निदेशकों, प्रोमोटरों और अन्य शीर्ष अधिकारियों पर अनियमितताओं के अलावा चीटिंग, फ्रॉड, फंड्स की हेराफेरी, स्टॉक में हेरफेर, फंड का डाईवर्जन और आपराधिक साजिश का आरोप है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अमरी इंडिया अमीरा मॉरीशस की ही एक सब्सिडियरी कंपनी है। इसकी मालिकाना हक अमीरा नेचर फूड्स लिमिटेड के पास है, जो कि ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड में रजिस्टर्ड है और इसका हेडक्वॉर्टर दुबई में है।
कंपनी के सभी निदेशक साजिश में शामिल
मिली जानकारी के अनुसार चनाना भारतीय इकाई के मुख्य प्रोमोटर हैं। राजेश अरोड़ा कंपनी के प्रबंध निदेशक हैं और पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में रहते हैं। आरोप है कि कंपनी के सभी निदेशक इन बैंकों में धोखाधड़ी के लिए साजिश का हिस्सा थे। बैंक से ये फंड्स प्राप्त करने के बाद इन्होंने कई हथंकडों के जरिए फंड का डाईवर्ट किया है।