logo

रांची: मानव तस्करों के चंगुल से छुड़ाई गई 4 नाबालिग लड़कियां, झांसा देकर ले जा रहे थे दिल्ली

11166news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

 

रेलवे पुलिस फोर्स रांची ने मानव तस्करों के चंगुल से 4 लड़कियों को बचाया। इन लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर दिल्ली ले जाया जा रहा था। हटिया सिक्योरिटी कंट्रोल ने सूचना दी थी कि एक व्यक्ति ट्रेन संख्या- 02241 (रांची-नई दिल्ली स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन) से 4 लड़कियों को दिल्ली ले जा रहा है। सूचना के आधार पर आरपीएफ और जीआरपी ने टीम नन्हे फरिश्ते, मेरी सहेली और सीपीडीटी के साथ संयुक्त टीम बनाकर छापेमारी की। 

 

ये भी पढ़िए:  झारखंड हॉर्स-ट्रेडिंग मामला:  BJP नेताओं संग आरोपियों की तस्वीर, क्या है पीएनआर नंबर का झोल, माजरा क्या है! 

 

नौकरी का झांसा देकर दिल्ली ले जा रहा था
टीम ने छापा मारने से पहले रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जिसमें 4 लड़कियां उक्त शख्स के साथ प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ट्रेन का इंतजार करती दिखी। टीम ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए चारों लड़कियों के साथ उस शख्स को हिरासत में लिया। पूछताछ में शख्स ने बताया कि वो लोहरदगा जिला स्थित मिल्लत कॉलोनी वार्ड नंबर-13 का रहने वाला है। उसने पूछताछ में कबूल किया कि वो लड़कियों को काम दिलाने के बहाने दिल्ली ले जा रहा था। 

 

ये भी पढ़िए:  जामताड़ा: ऑप्टिकल फाइबर केबल चुराने वाले 4 युवक गिरफ्तार, पूछताछ कर रही आरपीएफ

 

परिजनों को बिना बताए जा रही थी लड़कियां
मिली जानकारी के मुताबिक चारों लड़कियां नाबालिग हैं। उनकी उम्र 14 से 16 वर्ष के बीच है। मानव तस्कर के चंगुल से बचाई गई लड़कियों ने बताया कि वे अपने माता-पिता की जानकारी के बिना नौकरी के लिए दिल्ली जा रही थीं। इसकी सूचना लोहरदगा जिला प्रशासन को दी गई। जिला की मानव तस्करी रोधी इकाई और एलपीएस लोदरदगा के अधिकारी और कर्मियों के आने पर टीम ने बचाई गई सभी लड़कियों को उनके सुपर्द कर दिया।