द फॉलोअप टीम, धनबाद:
जिले में अवैध कोयला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा। इस बीच रामकनाली ओपी अंतर्गत कांटापहाड़ी कोयला खदान के पास हो रही अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ मुहिम चलाई गई। बीसीसीएल एरिया के सीआईएसएफ (CISF) इंस्पेक्टर आदर्श कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर रामकनाली ओपी पुलिस की संयुक्त छापेमारी में लगभग 10 टन कोयला जब्त किया गया।
सीआईएसएफ और स्थानीय थाना की संयुक्त छापेमारी
छापेमारी को लेकर जानकारी देते हुए रामकनाली ओपी प्रभारी जुबेल गुड़िया ने बताया कि सूचना मिल रही थी कि आस-पास की कोयला खदानों से अवैध तरीके से कोयला निकालकर जमा किया जा रहा था। कोयले को बोरियों में भरकर यहां से साइकिल के जरिए तस्करी की जा रही थी। इसके आधार पर सीआईएसएफ और स्थानीय थाना की संयुक्त छापेमारी में कोयला जब्त किया गया है। जब्त कोयले को स्थानीय कोलियरी प्रबन्धन को सुपुर्द कर दिया जाएगा। साथ ही यह भी कहा कि कोयले की तस्करी पर नकेल कसने के लिए यह छापेमारी अभियान जारी रहेगा।