द फॉलोअप टीम, रांची: पिछले 30 जुलाई को वर्ल्ड डे अगेंस्ट चाइल्ड ट्रैफिकिंग इन पर्सन के रूप में मनाया गया। हमने ( समाज एवं सरकार) तमाम वादे और उपलब्धियों का बखान भी किया होगा। लेकिन, उस बच्ची को इससे क्या वास्ता, जो 14 वर्ष की उम्र में ही ट्रैफिकिंग की शिकार हो गई हो। तभी से ही न्याय पाने की आस में हो कि उसे, अपनी बेटी कब तक वापस मिल सकेगी।
मां ने किया बेटी का सौदा
झारखण्ड के खूंटी जिले की एक नाबालिग बेटी ने शायद सपने में भी नहीं सोचा होगा कि एक दिन देखते ही देखते उसका पूरा भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। पिता का साया छीन गया। इसके बाद सगे- सम्बंधियों को क्या कहा जाए, उसकी सगी मां ने उसका सौदा कर उसे बेच दिया। तंगहाली की स्थिति में पढ़ाई करते हुए कक्षा सात में पहुंची ही थी कि उसे 70,000 रुपए में बेच दिया गया। ऐसा कहना है एक बेटी का, जो अब करीब 27 वर्ष की हो चुकी है। अभी वह मजदूरी कर अपनी बड़ी बेटी को वह सब देने का प्रयास कर रही है, जो उसे अपने बचपन में नहीं मिल पाया था। वह अपनी छोटी बेटी को भी माँ का प्यार देना चाहती है, जो उससे छीन लिया गया है।
बेटी ने नोबल शांति पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी द्वारा स्थापित संस्था बचपन बचाओ आन्दोलन के कार्यकर्ता ब्रजेश कुमार मिश्र से अपनी पीड़ा साझा की है। जानिये, उस बेटी की दर्द भरी कहानी, उसी की जुबानी:
कैसे बेचा गया मुझे?
वर्ष 2007 के दशहरे का समय होगा। इस दौरान खूंटी से माँ, चाचा और मौसा के दबाव में मुझे यह कह कर रांची (मेरी नानी का घर) ले जाया गया कि नानी की तबीयत बहुत खराब है। वहां पहुंचने पर पता चला कि नानी तो बिल्कुल स्वस्थ है। फिर, मुझे बताया गया कि तुम्हारी शादी करानी है। तब मेरी उम्र 13-14 साल की थी। मैंने शादी से इनकार कर दिया और भागने की भी कोशिश की। इस पर मुझे एक कोठरी में बंद कर दिया गया। हरियाणा से आये एक अधेड़ उम्र के मर्द के सामने मुझे पेश किया गया। उस मर्द ने मुझे पसंद भी कर लिया। मुझे रांची स्टेशन लाया गया और हरियाणा के लिए रवाना करा दिया गया। मेरे मौसा-मौसी और दूर के रिश्ते में एक भाई भी मेरे साथ हो लिए। हरियाणा के रोहतक जिले के एक गाँव में ले जाकर मुझे कैद कर दिया गया। इस तरह मुझे शादी का ढोंग कर नरक में धकेल दिया गया।
आठ वर्षों तक बनी रही यौन दासी
उसने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि मुझे वहां वर्ष 2007 से 2014 तक बंधक बनाकर यौन दासी के रूप में कड़े पहरे के बीच रखा गया। इस दौरान मैं लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना की शिकार होती रही। मेरे नकली पति के अलावा, उसके छोटे और बड़े भाई भी मेरे साथ जबरन शारीरिक सम्बन्ध बनाया करते थे। विरोध करने पर मुझे शारीरिक यातनाएं दी जाती थीं। इस तरह से समय बीतता गया। मैं दो बेटियों की माँ भी बन चुकी थी। इसके लिए शायद मैं शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार नहीं थी। मुझे खेतों में ले जाकर काम कराया जाता और मौका देखकर मेरे नकली पति का बड़ा भाई काम के दौरान भी मुझसे जबरन शारीरिक सम्बन्ध बनाया करता था। मैंने कई बार इस नर्क से निकलने की कोशिश भी लेकिन, मेरे ऊपर कड़ा पहरा था। भागने की कोशिश करने पर, मुझे पकड़ कर कैद कर लिया जाता। इस तरह मेरे सामने यातनापूर्ण जीवन जीने की विवशता के अलावा कोई दूसरा विकल्प न था। मेरा नकली पति अव्वल दर्जे का शराबी एवं निकम्मा था, जो कि रात–दिन शराब के नशे में धुत रहता। पैसे का अभाव होने पर दूसरों से पैसे लेकर उन्हें मेरे साथ शारीरिक सम्बन्ध बनाने के लिए भेजता- यानी मुझसे वेश्यावृति कराना चाहता था। इनकार पर मुझे खूब मारा-पीटा जाता था।
जुल्म की इन्तेहा से मुक्ति का सफर
वर्ष 2014 में मई या जून का महीना था। एक दिन, मौका पाकर मैं अपनी छोटी बेटी को वहीं छोड़ कर निकलने में सफल हो गई। किसी तरह भटकते हुए बस पकड़कर मैं दिल्ली पहुंची। मेरे पास कुछ रुपए थे, जिससे मैंने झारखण्ड आने के लिए ट्रेन का टिकट खरीदा। लेकिन, झारखण्ड जाने के लिए कौन-सी ट्रेन पकड़नी है, पता ही नहीं था। दो– तीन दिनों तक दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर ही भटकती रही। एक भले पुलिसवाले ने ट्रेन में बैठने में मेरी मदद की और किसी तरह से मैं रांची पहुँच सकी।
दलदल में फिर से धकेलने की साजिश
अब मैं अपने घर खूंटी पहुंच चुकी थी। मेरे घरवालों ने मुझे रखने से मना कर दिया। लाचारीवश, मुझे मांग कर खाने को मजबूर होना पड़ा। फिर, मैंने मजदूरी करके अपना पेट भरने और रहने का खुद से इंतजाम किया। अपना अस्तित्व बचाने के लिए मैंने अकेले ही संघर्ष करने का फैसला किया और मैंने खूंटी में सब्जी बेचना शुरू किया। मेरे चाचा और मेरी माँ ने मुझे वापस हरियाणा (नकली पति के पास) जाने के लिए हरसंभव दबाव बनाया, लेकिन दुबारा उस दलदल में जाना मुझे कतई मंजूर नहीं था। फिर भी, वे नकली पति को बुलाकर उसके साथ हरियाणा जाने का दबाव बनाने लगे और इनकार करने पर मेरे साथ मारपीट भी करते थे, क्योंकि वे तो पैसे लेकर मुझे बेच चुके थे। जहां भी किराए का घर लेकर रहती, वहां आकर सब मारपीट करने लगते और घर से निकलवा देते।
पुलिस का निराशाजनक रवैया
खूंटी थाना में गई, लेकिन थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गयी। खूंटी थाने के मेस में ही मैंने कई महीनों तक खाना बनाने का काम किया और अपनी पीड़ा बता कर रिपोर्ट दर्ज करने की गुहार लगाती रही, लेकिन थाने वाले उनसे पैसे लेकर मुझे चुप करा देते थे। मैंने वापस हरियाणा जाने से इनकार कर दिया तो मेरे साथ मारपीट की जाने लगी और मेरी बड़ी बेटी को छीना जाने लगा। लेकिन, पुलिस की मदद से मैं अपनी बड़ी बेटी को अपने पास रखने में कामयाब हो सकी। लेकिन, मेरी छोटी बेटी अभी भी उनके कब्जे (हरियाणा) में ही है।
डालसा का सहयोग
मेरे सगे-सम्बन्धियों और नकली पति ने मुझे इतना परेशान किया कि मेरे लिए खूंटी में रहना मुश्किल हो गया था। इसलिए, मैं अपनी बड़ी बेटी के साथ रांची के तुपुदाना में रहने लगी। अभी मजदूरी कर मैं अपना जीवन यापन कर रही हूं। जिला विधिक सेवा प्राधिकार खूंटी के सौजन्य से एक सिलाई मशीन और 50,000 रुपये मिले थे, लेकिन मैं अभी आर्थिक तंगी से जूझ रही हूं।
इंसाफ पाने की राह आसान नहीं
अपनी छोटी बेटी को वापस पाने के लिए दर-दर भटकते रही। खूंटी महिला थाना में भी मैंने कई बार न्याय की गुहार लगायी, लेकिन किसी से कोई मदद नहीं मिली, न ही मामला दर्ज किया गया। आखिरकार, वर्ष 2017 के दिसम्बर माह में एक वकील भैया की सहायता से झारखण्ड हाईकोर्ट के आदेश पर ही एएचटीयू खूंटी थाने में कांड दर्ज हो सका। फिर नकली पति, मेरी मां और मौसा-मौसी को गिरफ्तार कर जेल तो भेजा गया। वर्तमान में नकली पति को छोड़कर सभी जमानत पर बाहर हैं।
पुलिस से मदद नहीं मिली
झारखण्ड हाईकोर्ट ने 29 अगस्त 2018 को इस मामले में सुनवाई करते हुए खूंटी न्यायालय को निर्देश दिया था कि पीड़िता को अपनी छोटी बेटी के साथ उपस्थित होने के लिए नोटिस दिया जाये, जबकि, मेरी छोटी बेटी अब तक हरियाणा में मेरे नकली पति के परिवार के चंगुल में ही है, तो बगैर पुलिस की सहायता के मैं कैसे वापस ला सकती थी। बताना चाहूंगी कि मैंने 7 दिसम्बर 2018 को खूंटी उपायुक्त को अपनी छोटी बेटी की बरामदगी के लिए प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन पुलिस द्वारा इस सम्बन्ध में कोई सहायता नहीं मिली।
राज्य महिला आयोग की पहल बेकार गई
फिर भी, राज्य महिला आयोग की पहल पर मैं उसे लेने के लिए पिछले फ़रवरी माह में हरियाणा तक भी गई। वहां भी निराशा हाथ लगी। उसे वहां बंधक बनाया गया है। मुझे अंदेशा है कि उसका वहां यौन शोषण भी हो रहा होगा, क्योंकि मैंने उस परिवार का माहौल देखा है। उसे बरामद कर मेडिकल जांच की जायेगी, तो साफ़ हो जाएगा।
कुछ तीखे सवाल
अपने ऊपर हुए जुल्म को बर्दाश्त करने के बाद, अब मैं अपनी दोनों बेटियों के साथ एक इज्जत भरी जिंदगी जीना चाहती हूँ। मेरे कुछ सवाल भी हैं:
1. क्या मुझे अपनी छोटी बेटी को भी उन जालिमों के चंगुल से बचा कर न्याय पाने का अधिकार नहीं है, ताकि उसे भी मैं वह सब कुछ दे पाऊं, जो मुझे बचपन में नहीं मिल पाया।
2. तीन साल तक दर-दर भटकते रहने और खूंटी पुलिस से कई बार गुहार लगाने के बावजूद शिकायत दर्ज नहीं किया जाना, भी मेरी समझ से बाहर है।
3. वर्ष 2018 में ही झारखण्ड हाईकोर्ट का आदेश था कि मेरी छोटी बेटी को न्यायालय के सामने प्रस्तुत किया जाए, इसके लिए पुलिस मेरी सहायता क्यों नहीं कर रही? उनसे किसी ने यह सवाल पूछा क्या?