द फॉलोअप टीम ,जमशेदपुर
सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के न्यू लेआउट एरिया से एक युवक का शव बुधवार को नाले से बरामद किया गया। शव को देख कर यह आशंका जाहिर की जा रही है कि युवक की कहीं और हत्या कर शव को यहां नाले में फेंक दिया गया है। युवक की पहचान नहीं हो सकी है। आस-पास के लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।
स्लैब तोड़कर शव निकाला
पूछताछ में लोगों ने बताया कि जब सुबह नाला जाम होने पर लोग वहां पहुंचे, तब वहां शव देखा गया। नाले में युवक का केवल हाथ दिख रहा था। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। शव नाली के अंदर था और ऊपर से स्लैब था। सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना प्रभारी अंजनी कुमार पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। सफाईकर्मियों ने स्लैब को तोड़कर शव को निकाला।
ये भी पढ़ें......
पोस्टमॉर्टम के बाद सच्चाई आएगी सामने
जांच में जुटे थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि शव काफी फूल गया है। इस वजह से उस पर किसी भी तरह के जख्म दिखाई नहीं दे रहे हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह शव पांच या छह दिन पहले का है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम होने के बाद ही सच्चाई का पता चल सकेगा।