कोरोना के कारण एक तरफ लोगों की जान जा ही रही है। वहीं इसके कारण उपजे अवसाद से भी लोग डिप्रेशन में आकर मौत को गले लगा रहे हैं। हैरानी की बात ये है कि इनमें से सबसे ज्यादा युवा वर्ग हैं। यानी ये कहना गलत नहीं होगा कि बेरोजगारी सहित कई समस्या से वो जूझते-जूझते हार मान गए और आखिर में जिंदगी को ही अलविदा कह दिया। आज हम आपको झारखंड के बारे में बताने जा रहे हैं, क्योंकि यहां हर रोज 5 लोग खुदकुशी कर रहे हैं।
द फॉलोअप टीम, रांची
कोरोना और लॉकडाउन से उत्पन्न हुई समस्या से देश दुनिया से लेकर तमाम राज्य जूझ रहे हैं। हर जगह से अवसाद और खुदकुशी की खबरें भी सामने आ रही है, लेकिन झारखंड के हालात कुछ ज्यादा ही भयावह है। वो इसलिए क्योंकि पहले हर साल औसतन किसी न किसी वजह से सुसाइड करनेवालों की तादात डेढ़ हजार के आसपास होती थी। इस बार पिछले 6 महीने में ही ये आंकड़ा एक हजार के पार पहुंच चुका है। बड़ी बात ये है कि इनमें सबसे ज्यादा युवा वर्ग है। जबकि महिलाओं की संख्या पुरुषों से आधी है।
7 महीने में 1 हजार से ज्यादा सुसाइड
साल 2018 की बात करें तो प्रदेश में 1317 लोगों ने खुदकुशी जैसा खौफनाक कदम उठाया। कमोबेश यही तादात साल 2019 का भी है। लेकिन इस साल यानी 2020 में जनवरी से जुलाई तक में ही 1010 लोग आत्महत्या कर चुके हैं। इनमें युवाओं के अलावा, बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और वो पुरूष भी हैं जो नौकरीपेशा से जुड़े थे। आंकड़ों पर गौर करे तो सुसाइड करनेवालों में सबसे ज्यादा 18 से 29 वर्ष के युवा हैं। इसके बाद बारी आती है, 14 से 60 साल तक के लोगों की। देखा जा रहा है कि बुजुर्ग सबसे कम अवसाद के शिकार हो रहे हैं।
सभी के अपने-अपने कारण
आंकड़ों पर गौर करें तो सभी सुसाइड के पीछे अलग-अलग कारण सामने आ रहे हैं। बच्चे परीक्षा में फेल करने के कारण अपनी जान दे रहा है। किशोर मोबाइल में गेम खेलते-खेलते जान दे रहे हैं। युवा लॉकडाउन के कारण नौकरी छूट जाने या नौकरी न लग पाने की वजह से मौत को गले लगा रहा है, तो कोई घरेलू कलह में मौत के रास्ते पर निकल जा रहा है। इसके अलावा कुछ केस ऐसे भी हैं, जो मोहब्बत में मिली जुदाई या रुसवाई बर्दाश्त नहीं कर पा रहे थे और थकहार कर मौत की मंजिल चुन ली। एक दो ऐसे मामले भी सामने आए हैं जिसमें देखा गया है कि काम के प्रेशर में भी आत्महत्या का विकल्प चुना गया है।
हालात से नहीं बिठा पा रहे तालमेल
डॉक्टरों की माने तो आत्महत्या का रास्ता वो लोग अपनाते हैं, जो अंदर से टूट जाते हैं। हर किसी की अपनी-अपनी वजह होती है। हाल के दिनों में ये समस्या इसलिए बढ़ी है, क्योंकि पूरी दुनिया वैसी महामारी से जूझ रही है, जिसका फिलहाल कोई हल या फिर यूं कहें कि कोई समाधान नहीं निकल सका है। लोगों की नौकरी जा रही है। खाने के लाले पड़ रहे हैं। लॉकडाउन के कारण घर में बैठे रहने के कारण कलह हो रहे हैं। ये सब नई चीजें हो रही है, जो सामान्य दिनों में नहीं हो रही थी। कुल मिलाकर ये कहा जा सकता है कि मौजूदा हालात से लोग तालमेल नहीं बिठा पा रहे हैं, जिस वजह से ज्यादा लोग मौत का रास्ता अख्तियार कर रहे हैं।
डिप्रेशन में नशे की ओर भी जा रहे लोग
डॉक्टरों के मुताबिक सुसाइड के केसेज फिर भी कम हैं। अगर देखा जाय तो जिंदगी से परेशान होनेवाले ज्यादातर लोग डिप्रेशन में आकर नशा और हिंसा के रास्ते पर निकल जा रहे हैं। हालांकि ये किसी समस्या का समाधान नहीं है। लोगों को हर हालात से मुकाबला करना सीखना चाहिए। जब कभी भी ऐसा वैसा ख्याल आए, चिकित्सकों से मिलकर काउंसलिंग करानी चाहिए। क्योंकि नशा, हिंसा और मौत किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। जिंदगी अनमोल है, जो एक बार ही मिलती है।