logo

दुमका और बेरमो उपचुनाव की तैयारियां पूरी, कल सुबह 7 बजे से होगा मतदान, रवाना हुए मतदानकर्मी

2017news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची
बिहार विधानसभा चुनाव के साथ झारखंड में भी तीन नवंबर को होने जा रहे बेरमो और दुमका विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए सोमवार को पोलिंग पार्टियां बूथ के लिए रवाना हुई। मतदान करवाने के लिए ईवीएम व अन्य जरूरी सामान के साथ अपने तय बूथों पर मतदानकर्मी पहुंचने लगे हैं। बूथ पर वोटरों को सोशल डिस्टेंस बनाए रखनेवाले गोल घेरे में कतारबद्ध करने की व्यवस्था की गई है। 10 नंवबर को चुनाव परिणाम आएगा। वहीं, दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों में मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच है। दोनों ही गठबंधन पूरी तरह से आमने-सामने हैं और इस बार तीसरा कोण दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहा है।

दिलचस्प मुकाबले की उम्मीद
इधर, उपचुनाव को लेकर दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों में एनडीए और यूपीए ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इस बार तीसरा कोण दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहा है। दोनों ही क्षेत्र में दिलचस्प मुकाबले की उम्मीद की जा रही है। दुमका में भाजपा की लुईस मरांडी और झामुमो के बसंत सोरेन के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि बेरमो में कांग्रेस के जय मंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह और भाजपा के योगेश्वर महतो बाटुल के बीच कड़ा मुकाबला है।

दोनों सीटों पर पक्ष-विपक्ष आमने-सामने
पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह के निधन की वजह से बेरमो विधानसभा क्षेत्र खाली हो गया था। इसकी वजह से वहां पर उपचुनाव हो रहा है। राजेंद्र सिंह के बड़े बेटे और इंटक नेता अनूप सिंह वहां से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि दूसरी ओर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 में बरहेट और दुमका 2 विधानसभा क्षेत्रों से जीत हासिल की थी। उन्हें एक सीट छोड़नी थी। ऐसे में उन्होंने दुमका से त्यागपत्र दे दिया। इसकी वजह से दुमका सीट खाली हो गई और वहां उपचुनाव हो रहा है। झामुमो ने बसंत सोरेन को अपना उम्मीदवार बनाया है। वे शिबू सोरेन के छोटे पुत्र और हेमंत सोरेन के छोटे भाई हैं। दुमका में भी बसंत सोरेन का भाजपा की लूईस मरांडी से सीधी टक्कर है।