logo

उपचुनाव को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद, झारखंड के दोनों सीटों पर मतदान जारी

उपचुनाव को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद, झारखंड के दोनों सीटों पर मतदान जारी
द फॉलोअप टीम, दुमका और बेरमो उपचुनाव  
दुमका व बेरमो उपचुनाव को लेकर मंगलवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। कोरोना को ध्यान में रखते हुए बूथ पर वोटरों को सोशल डिस्टेंस बनाए रखने वाले गोल घेरे में कतारबद्ध करने की व्यवस्था की गई है। मतदान के लिए वोटर्स की सुबह से ही कतार लगी हुई है। मतदान के साथ –साथ सुरक्षा को भी ध्यान मे रखते हुए मतदानकर्मी मास्क, फेस शील्ड व हैंड ग्लब्स पहन मतदान करवाते नजर आए। मतदान के लिए पहुचें मतदाताओं की थर्मल स्कैनर से बॉडी टेंप्रेचर की जांच की जा रही है। बेरमो में 312507 मतदाता 16 प्रत्याशी और दुमका में 250720 वोटर 12 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद करेंगे। दुमका में मतदान  सुबह 7 से शाम पांच बजे और बेरमो में मतदान सुबह 7 से शाम 4 बजे तक होगा जिसका परिणाम 10 नंवबर को आएगा।
वहीं, दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों में मुख्य मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच है। दोनों ही गठबंधन पूरी तरह से आमने-सामने हैं और खास बात तो यह है कि इस बार तीसरा कोण दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहा है। इधर, उपचुनाव को लेकर दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों में एनडीए और यूपीए ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। दोनों ही क्षेत्र में दिलचस्प मुकाबले की उम्मीद जताई जा रही है। बता दे कि दुमका से भाजपा की लुईस मरांडी और झामुमो से बसंत सोरेन के बीच सीधा मुकाबला है जबकि बेरमो से कांग्रेस के कुमार जय मंगल और भाजपा के योगेश्वर महतो बाटुल के बीच टक्कर है।

राजेंद्र सिंह के निधन से बेरमो और हेमंत सोरेन के त्यागपत्र से दुमका में हो रहा है उपचुनाव
पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह के निधन हो जाने कि वजह से बेरमो विधानसभा क्षेत्र खाली हो गया था। इसकी वजह से वहां पर उपचुनाव हो रहा है। जबकि दूसरी ओर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 में बरहेट और दुमका 2 विधानसभा क्षेत्रों से जीत हासिल की थी। उन्हें एक सीट छोड़ना था। ऐसे में उन्होंने दुमका से त्यागपत्र दिया। इसकी वजह से दुमका सीट खाली हो गई और वहां उपचुनाव हो रहा है।

हेमंत, बाबूलाल व दीपक की प्रतिष्ठा दाव पर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश के लिए यह उपचुनाव काफी अहम है। बाबूलाल के भाजपा में आने, विधायक दल का नेता बनने और दीपक प्रकाश के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला उपचुनाव है। इसी तरह सीएम बनने के करीब एक साल में झामुमो और कांग्रेस के गढ़ में कोई पहला उपचुनाव हो रहा है। इस तरह उपचुनाव में तीनों के प्रभाव की जांच भी होगी।