द फॉलोअप टीम, आसनसोल
कोरोना वायरस से उपजे हालात के बीच देश के करोड़ों छात्र-छात्राओं तक शिक्षा पहुंचाना भी किसी चुनौती से कम नहीं है। स्कूल और कॉलेज समेत देशभर के शिक्षण संस्थान करीब छह महीने से बंद पड़े हैं। इसके बाद ऑनलाइन पढ़ाई का चलन बढ़ा तो टीचर्स ने भी पढ़ाने के नए और अनोखे तरीके ईजाद करना शुरू कर दिया। ऐसी ही एक पहल पश्चिम बंगाल में भी की गई है।
इंजीनियरिंग कॉलेज की नई पहल
दरअसल, पश्चिम बंगाल के आसनसोल में कोरोना काल में बच्चों तक शिक्षा पहुंचाने के लिए एक इंजीनियरिंग कॉलेज ने नई पहल शुरू की है। आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज ने बस में लाइब्रेरी बनाई है, जिसमें किताबें रखकर सड़कों पर उतारा गया है। बस में लाइब्रेरी बनाने का मकसद उन छात्रों के बीच किताबों को पहुंचाना है, जिनके पास किताबें नहीं हैं।
बस की खिड़की से छात्र लेते हैं किताबें
दिलचस्प बात ये है कि इस लाइब्रेरी में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का भी पूरी तरह पालन किया जा रहा है। शारीरिक दूरी बनाये रखने के लिए बस की खिड़की से छात्रों को ये किताबें उपलब्ध कराई जा रही हैं। आसनसोल, दुर्गापुर से लेकर धनबाद तक ये मोबाइल लाइब्रेरी घूम रही है और बड़ी तादाद में छात्र भी इसका लाभ उठा रहे हैं।
हमारा मोटिव, टेक केयर, टीच देम
इस बारे में कॉलेज की एक अधिकारी सी के रेशमा ने बताया कि आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर से ये एक पहल है। हमारा मोटिव है टेक केयर, टीच देम। महामारी के समय कॉलेज बंद है। लॉकडाउन के दौरान स्टूडेंट आ नहीं पा रहे। इसलिये हमलोगों ने बस को लाइब्रेरी में कन्वर्ट करने का फैसला किया। हम व्हाट्सऐप के जरिये स्टूडेंट्स से संपर्क कर रहे हैं और अलग-अलग जगह पर बस ले जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक स्टूडेंट्स तक किताबें पहुंचा सकें।
घर तक पहुंच रही है मोबाइल लाइब्रेरी
मोबाइल लाइब्रेरी की मदद से किताबें पानेवाले एक स्टूडेंट ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान स्टूडेंट्स कॉलेज में आ नहीं पा रहे हैं। इसके कारण मोबाइल लाइब्रेरी उनके घर तक जा रही है। कॉलेज की ओर से ये बहुत ही अच्छी पहल है। स्टूडेंट्स मोबाइल लाईब्रेरी की काफी तारीफ कर रहे हैं।