द फाॅलोअप टीम, नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदान के दौरान कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है। उन्होंने ट्विटर पर सुबह-सुबह लिखा, लोकतंत्र के इस पावन पर्व में भागीदार बनें, मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का भी ध्यान रखें।
प्रधानमंत्री की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण के मतदान के पहले राज्य के मतदाताओं से अधिक से अधिक तादाद में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने ट्विटर पर सुबह-सुबह अपील की और लिखा, बिहार विधानसभा चुनावों में आज तीसरे और आखिरी चरण का मतदान है। सभी मतदाताओं से मेरी विनती है कि वे अधिक से अधिक संख्या में लोकतंत्र के इस पावन पर्व में भागीदार बनें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। और हां, मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान भी अवश्य रखें।
प्रधानमंत्री बिहार के मतदाताओं को लिख चुके हैं पत्र
इससे पहले गुरुवार को बिहार चुनाव के आखिरी चरण का प्रचार समाप्त होने से कुछ देर पहले प्रधानमंत्री ने बिहार के लोगों के नाम पत्र भी लिखा था। पत्र के माध्यम से उन्होंने अंतिम दिन के प्रचार में अपनी मौजूदगी दिखाने की कोशिश की थी। उन्होंने ट्विटर पर कहा था कि बिहार का विकास अटके नहीं, इसके लिए बिहार में नीतीश कुमार की सरकार की जरूरत है।
इस दफा कई सभाओं को संबोधित कर चुके हैं मोदी
बिहार में चुनाव आचार संहिता लागू होने के होने के करीब 1 महीने बाद 23 अक्टूबर से पीएम की बिहार में चुनावी सभाएं शुरू हुई थीं। कुल 12 चुनावी सभाओं के जरिये पीएम ने सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों को संबोधित करने की कोशिश की। रोहतास, गया, भागलपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पटना, छपरा, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, समस्तीपुर, सहरसा और अररिया में प्रधानमंत्री मोदी सभाओं को संबोधित कर चुके हैं।