द फॉलोअप टीम, रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नई कार लेने की तैयारी में हैं। अब वे बीएमडब्ल्यू कार पर सवार होकर सूबे को चलाना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने बीएमडब्ल्यू कार के मॉडल 520 डी को पसंद किया है, जिसके लिए सीएमओ से कार खरीदने के लिए प्रस्ताव को स्वीकृति भी मिल गई है। लेकिन इस बीच कई लोग ये सवाल उठा रहे हैं कि कोरोना संकट में बिगड़ते हालात में सरकार का खजाना खाली होने की बात कही जा रही थी, और अब इतनी महंगी कार बीएमडब्ल्यू से सूबे के मुखिया को कामकाज संभालना है।
कार की कीमत लगभग 60 लाख
इस बीएमडब्ल्यू कार की कीमत लगभग 60 लाख रुपये तक है। यही नहीं इसके अलावा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने काफिले के लिए एक और कार के प्रस्ताव की स्वीकृति ली है। यह कार टोयटा ब्रांड का इनोवा क्रिस्टा है। अब इन दोनों कार की स्वीकृति मिल जाने के बाद इसकी खरीदारी भी जल्दी होने की संभावना जताई जा रही है। बता दें कि फिलहाल सीएम हेमंत सोरेन रघुवर सरकार के कार्यकाल में ली गई पांच साल पुरानी कैमरी कार से आना-जाना कर रहे हैं।
खाली झोली के बाद भी बीएमडब्ल्यू
हालांकि सूबे के मुखिया ने गाड़ी खरीदने की बात नहीं की है। लेकिन कोरोना महामारी के दौरान ऐसे किए गए खर्च को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मुख्यमंत्री साहब की ओर से इस संकट में उनकी झोली खाली होने की बात सामने आ रही थी। इसके चलते वित्तीय प्रबंधन के नाम पर कई प्रकार की निकासी पर रोक लगा दी गई है। नई योजनओं को लेने से लेकर कार्यालयों में किए जा रहे खर्च तक पर पांबंदियां लगा दी गई थी। यहां तक कि कर्मियों को महंगाई भत्ता तक नहीं मिल रहा था और पीएफ खाते से राशि निकासी तक पर रोक लगी है। इस बीच पुरानी योजनाओं का भी काम चिटिंयों की चाल चल रहा था।
दूसरे मंत्रियों की भी अटकी नजरें
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए कार लेने के फैसले के बाद अब सरकार के अन्य मंत्रियों के लिए भी नई कार की खरीदारी की जा सकती है। प्रदेश में झामुमो, कांग्रेस और राजद गठबंधन के मंत्रियों में किसी भी मंत्री को नई कार नहीं मिली है। अब कई मंत्री जी की नजरें सूबे के मुखिया की ओर अटकी पड़ी है कि अब किसका अगला नंबर होगा।