logo

राज्यपाल ने किया झारखंड के नये प्रतीक चिन्ह का अनावरण, सीएम ने कहा- हमारी संस्कृति-समृद्धि का प्रतीक

राज्यपाल ने किया झारखंड के नये प्रतीक चिन्ह  का अनावरण, सीएम ने कहा- हमारी संस्कृति-समृद्धि का प्रतीक
द फॉलोअप टीम, रांची 
झारखंड की हरी-भरी धरती और वन संपदा को प्रतिबिंबित करता झारखंड का नया प्रतीक चिन्ह  का शुक्रवार को अनावरण किया गया। रांची के मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने राज्य के नये प्रतीक चिन्ह अनावरण किया। राज्य के नये प्रतीक चिन्ह का विन्यास वृत्ताकार है, जो राज्य की प्रगति का परिचायक है। 

दिशोम गुरु शिबू सोरेन भी हुए शामिल 
सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यसभा सदस्य और जेएमएम सुप्रीमो दिशोम गुरु शिबू सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो मुख्य रूप से मौजूद थे। इसके अलावा वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, परिवहन मंत्री चंपई सोरेन समेत कई गणमान्य कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके लिए रांची के मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में आयोजित कार्यक्रम दिन के 12 बजे संपन्न हुआ। साल 2000 में झारखंड के अलग राज्य बनने के बाद से अबतक जिस प्रतीक चिन्ह का इस्तेमाल हो रहा था, उसमें स्वास्तिक चिन्ह बना हुआ था, जो अब विन्यास वृत्ताकार हो गया है। 

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने जनता को दी बधाई 
झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड के प्रतीक चिन्ह का लॉन्च करने के बाद प्रदेश की जनता को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि देश और राज्य के लिए आज के लिए गौरव का दिन है, जिसका आज नया प्रतीक चिन्ह बना। यह राज्य की हरियाली और वन संपदा की प्रतीक है। उन्होंने प्रदेश की जनता को राज्य के नए प्रतीक चिन्ह पर बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की भी बधाई दी है। 

हमें गर्व कराने का एहसास कराएगा प्रतीक चिन्ह- सीएम
झारखंड के मुख्यंमत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि हमने पूर्व के प्रतीक चिन्ह में बदलाव कर राज्य का नया प्रतीक चिन्ह जनता को समर्पित किया है। इस प्रतीक चिन्ह में झारखंड की संस्कृति-समृद्धि, परंपरा और हमारे राज्य का प्रतिनिधित्व करती है। उन्होंने कहा की राज्य का प्रतीक चिन्ह राज्य की सही मायने में पहचान कराने और हमें गर्व कराने का एहसास कराएगा।

24 हाथी और 24 पलाश के फूल अंकित
झारखंड के नए प्रतीक चिन्ह में 24 हाथी और 24 पलाश के फूलों को अंकित किया गया है। इसके साथ ही प्रतीक चिन्ह के ऊपरी भाग में झारखंड सरकार और नीचे गवर्मेंट ऑफ झारखंड लिखा गया है। झारखंड के नये प्रतीक चिन्ह में राज्य की संस्कृति को दर्शाया गया है। हरा रंग हरियाली और वन-संपदा का प्रतीक है। हाथी राज्य के ऐश्वर्य और प्रचुर मात्रा में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों को रेखांकित कर रहा है। पलाश का फूल प्राकृतिक सौंदर्य का बोधक है। स्थानीय पर्व त्योहारों और जनजातीय कलाओं के जरिए कला-संस्कृति का परिचय इस प्रतीक चिन्ह में दिया गया है।