फॉलोअप टीम, रांची
अपने पिता लालू यादव से मिलने रांची आए तेजप्रताप यादव के कारण होटल मालिक और मैनेजर मुसीबत में फंस गए हैं। कोरोना को लेकर जारी सरकार की गाइडलाइन का उल्लंघन कर कमरा देने पर होटल के मालिक और मैनेजर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। होटल का नाम कैपिटल रेजिडेंसी है, जो कि रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में है। बताया जा रहा है कि इस होटल के कमरा नंबर 507 में तेजप्रताप यादव ठहरे हुए थे। आपको बता दें कि संक्रमण के खतरे को लेकर सरकार ने अभी तक होटल को खोलने की अनुमति नहीं दी है।
चुटिया थाने में दर्ज हुई FIR
रांची के अंचल अधिकारी के बयान पर चुटिया थाना में धारा 188/ 34 के तहत होटल के मालिक और मैनेजर दुष्यंत कुमार पर प्राथमिकी दर्ज हुई है। दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि तेजप्रताप यादव कैपिटल रेजिडेंसी के कमरा नंबर 507 में ठहरे हुए हैं। इस सूचना पर पुलिस की टीम अंचलाधिकारी के साथ होटल पहुंची। तब होटल का मेन गेट बाहर से बंद था। बताया जाता है कि पुलिस ने जबरन होटल खुलवाया और कमरा नंबर 507 में जाकर देखा तो तेजप्रताप वहां मौजूद थे। पुलिस के अनुसार सरकार का सख्त आदेश है कि कोई होटल नहीं खुलेगा इसके बाद भी कैपिटल रेजिडेंसी में तेजप्रताप को ठहराया गया। ये सरकार के आदेश का उल्लंघन है।
देर शाम तेजप्रताप ने की शॉपिंग
इससे पहले गुरुवार शाम को रांची के चर्च कॉम्प्लेक्स में तेजप्रताप खरीदारी करते नजर आए। उन्होंने यहां के एक रेस्त्रां में पहले अपने कुछ समर्थकों के साथ खाना खाया और फिर अपने लिए जूते की खरीदारी की। जूते की दुकान में वो करीब घंटे भर तक रूके रहे। इसी दौरान उन्होंने द फॉलोअप की टीम से बातें की और कई लोगों के साथ सेल्फी भी खिंचवायी।