जमशेदपुर में 7वीं की छात्रा से 4 लड़कों ने एक रात में दो जगह ले जाकर दो बार गैंगरेप किया है। यही नहीं दरिंदों ने गैंगरेप का वीडियो भी बनाया और वीडियो को वायरल कर देने की धमकी देकर छात्रा से ब्लैकमेलिंग की भी कोशिश की। छात्रा ने दरिंदों के चंगुल से निकले के लिए अपने परिवारवालों से उन्हें 10 लाख रूपया दिलवाने का भरोसा दिया और किसी तरह उनकी गिरफ्त से बाहर निकलने में कामयाब रही। लेकिन दरिंदगी की शिकार छात्रा ने जब अपने घरवालों के सामने में जुबान खोली तो मानो उनके पैरों के नीचे से जमीन ही खिसक गई। जी हां, अबतक जितनी सच्चाई से आपका वास्ता हुआ है। हकीकत उससे भी कहीं ज्यादा खौफनाक है। यकीन मानिए पूरा सच जानकर आप अंदर तक हिल जाएंगे।
द फॉलोअप टीम, जमशेदपुर
ये शर्मनाक कहानी है मंगलवार की। बिरसानगर की 7वीं की छात्रा गोविंदपुर के गदड़ा स्थित अपने मामा के घर जाने के लिए निकलती है। शाम होने के बावजूद जब वो घर नहीं लौटती है तो घरवाले अनहोनी की आशंका को लेकर उसकी खोजबीन शुरू करते हैं। रात से लेकर बुधवार सुबह तक घरवाले बेटी की तलाश में खाक छानते रहे लेकिन कहीं कोई अतापता नहीं चलता है। थक हारकर घरवाले बिरसानगर थाने का रूख करते हैं। आमतौर पर ऐसे मामलों में सुस्ती बरतनेवाली पुलिस जानकारी मिलते ही हरकत में आती है। कई टीमें इधर-उधर छानबीन में जुट जाती है लेकिन तभी अचानक छात्रा का फोन अपनी मां के पास आता है। वक्त दिन के करीब 12 बज रहे होंगे। छात्रा ने बताया कि वह खैरबनी रेलवे फाटक के पास है। बिना वक्त गंवाए पहले मां फिर पुलिस रेलवे फाटक पहुंचती है लेकिन छात्रा जब अपना मुंह खोलती है, घरवाले और पुलिस के पैरों तले जमीन खिसक जाती है।
ब्वॉयफ्रेंड के साथ घूमने गई थी छात्रा
छात्रा के मुताबिक जब वो घर से मामा के यहां जाने के लिए निकली तो रास्ते में चंदन नाम का उसका दोस्त मिल गया। वो उसे घूमाने के बहाने थीम पार्क ले गया। लेकिन पार्क में उसने जोर जबरदस्ती शुरू कर दी। इसका उसने विरोध जताया लेकिन इसी दौरान एक के बाद एक चार लड़के वहां आ धमकते हैं और फिर पहले थीम पार्क और उसके बाद गोविंदपुर के स्कूल में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप करते हैं। छात्रा के मुताबिक रात भर में दो बार उसके साथ चारों लड़कों ने बारी-बारी से दरिंदगी अंजाम दी। इस दौरान गैंगरेप का वीडियो भी बनाया गया। बकौल छात्रा चारों लड़के फंसने के डर से उसकी हत्या भी करना चाहते थे लेकिन छात्रा ने सूझबूझ का परिचय दिया और बताया कि वो अपने घरवालों से उन्हें 10 लाख रूपया दिलवा देगी। छात्रा के मुताबिक चारों दरिंदे उसकी बातों में आ जाते हैं और फिर ये कहकर उसे छोड़ देते हैं कि पैसे लेकर नहीं आई तो वीडियो वायरल देंगे।
पहले चंदन फिर चारों दरिंद गिरफ्तार
सारी सच्चाई सामने आते ही पुलिस ने पहले छात्रा के दोस्त चंदन को हिरासत में लिया। उससे पूछताछ हुई तो फिर वारदात में शामिल गोविंदपुर निवासी गणेश बारी और चंदन लोहरा को गिरफ्तार किया गया। उसके बाद तीनों की निशानदेही पर बाकी बचे दो और आरोपी भी पकड़े गए। पुलिस ने इनके पास से वो वीडियो भी रिकवर किया है जो गैंगरेप के दौरान बनाया गया था और जिसे वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रूपए की मांग की गई थी।
छात्रा का अस्पताल में चल रहा है इलाज
दरिंदगी की शिकार छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मेडिकल जांच के बाद उसका वहां इलाज भी चल रहा है। इधर पुलिस ज्यादा से ज्यादा सबूत जुटाकर आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की कोशिश कर रही है ताकि फिर कोई ऐसी हिमाकत न कर सके। पुलिस ये भी जानने की कोशिश कर रही है छात्रा के दोस्त चंदन की इस पूरी घटना में कितनी भूमिका है।