logo

किसानों ने की अपने मन की बात, ताली, थाली और घंटी बजा कर कृषि कानून का विरोध

3667news.jpg
द फॉलोअप टीम, सरायकेला

केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसान संगठनों के समर्थन में सरायकेला में भी किसानों ने ताली, थाली और घंटी बजाकर अपना विरोध दर्ज किया। कृषि कानून को लेकर पूरे देश में किसान आंदोलित हैं। जिले में भी लगातार विपक्षी दलों ने कृषि कानून वापस लेने की मांग को लेकर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया। इसी कड़ी में रविवार को विपक्षी दलों ने आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य सड़क पर उतर कर प्रधानमंत्री के आह्वान के अंदाज में ताली, थाली और घंटी बजा कर कृषि कानून का विरोध किया।

कृषि कानून का विरोध
विपक्षी दलों ने कृषि कानून का विरोध करते हुए एक बार फिर सड़क पर उतर कर कृषि कानून को काला कानून करार देते हुए इसे वापस लेने की मांग की। पूर्व विधायक अरविंद सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता और विपक्षी दल से जुड़े नेता नेताओं ने घंटी, ताली और थाली बजा कर विरोध दर्ज किया।

गरीब किसानों की सुनने वाला कोई नहीं
मौके पर मौजूद पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने कहा कि किसान आंदोलन लगातार जारी है और पूरे देश में कृषि कानून का विरोध हो रहा है। लेकिन प्रधानमंत्री की हठधर्मिता के कारण गरीब किसानों की सुनने वाला इस सरकार में कोई नहीं है।