द फॉलोअप टीम
इस वक्त लखनऊ से एक बड़ी खबर आ रही है। उत्तर प्रदेश सरकार में टेक्निकल एजुकेशन मंत्री कमल रानी वरुण की कोरोना से मौत हो गई है। कमल रानी वरूण कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद से लखनऊ के संजय गांधी PGI में भर्ती थी। बताया जा रहा है कि रविवार को उनका अस्पताल में ही इलाज के दौरान निधन हो गया।
गंभीर बीमारियों से भी थी ग्रसित
बताया जा रहा है कि 62 साल की कैबिनेट मंत्री कमलारानी पहले से ही डायबिटीज, हाइपरटेंशन और थायराइड से जुड़ी समस्या से जूझ रही थी। उनके इलाज में लगे डॉक्टरों की माने तो कमला रानी वरुण का ऑक्सीजन लेवल काफी कम हो गया था। इसके बाद उन्हें लगातार ऑक्सीजन पर रखा गया था। डॉक्टरों की माने तो शुरुआत के दिनों में उनकी तबीयत स्थिर रही, लेकिन पिछले 3 दिनों से अचानक स्थिति खराब होने लगी और फिर रविवार को उनकी मौत हो गई। कमला रानी को 18 जुलाई को अस्पताल में संक्रमित पाए जाने के बाद भर्ती कराया गया था।
सीएम योगी ने रद्द किया अयोध्या दौरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कमला रानी वरुण के असामयिक निधन के बाद आज का अपना अयोध्या दौरा रद्द कर दिया है। साथ ही उन्होंने शोक संवेदनाएं भी जाहिर की है। सीएम योगी ने अपने ट्वीट में लिखा कि उत्तर प्रदेश सरकार में मेरी सहयोगी, कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण जी के असमय निधन की सूचना, व्यथित करने वाली है। प्रदेश ने आज एक समर्पित जननेत्री को खो दिया। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।
कई और मंत्री, विधायक हैं चपेट में
यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह के साथ ही चेतन चौहान, आयुष मंत्री डॉ़ धर्म सिंह सैनी, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उपेंद्र तिवारी और रघुराज सिंह सहित कई विधायक और अधिकारी भी कोरोना की जद में आ चुके हैं। हालांकि राजेंद्र प्रताप अब स्वस्थ्य होकर घर लौट चुके हैं जबकि कई अधिकारी और विधायक भी कोरोना से जंग लड़ रहे हैं।