logo

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने दिया नारा- 'बोले-बिहार बदलें सरकार', 1 से 21 सितंबर तक करेगी 100 वर्चुअल रैलियां

1044news.jpg
द फॉलोअप टीम, पटना
बिहार में अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होनेवाला है। इसके लिए सभी दल अपना-अपना नारा गढ़ने में लगे हैं। पार्टियां इन्हीं नारों के सहारे जनता के बीच जाएगी और सत्ता के शीर्ष तक पहुंचने की कोशिश करेगी। कांग्रेस ने भी बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनावी नारा इजाद कर लिया है। कांग्रेस इस चुनाव में राज्य में सत्ता परिवर्तन का उद्घोष करेगी। इसीलिए नारा गढ़ा गया है बोले बिहार-बदले सरकार। अपनी चुनावी गतिविधियों में पार्टी ने इस नारे का प्रयोग भी शुरू कर दिया है। एक सितंबर से शुरू हो रहे पार्टी के बिहार क्रांति वर्चुअल महासम्मेलन के लोगो में भी इसी नारे का इस्तेमाल किया गया है। कांग्रेस बिहार में महागठबंधन का हिस्सा रहते हुए लड़ेगी। महागठबंधन में फिलहाल कांग्रेस के अलावा राजद, रालोसपा और वीआईपी है। 

बिहार में कांग्रेस ने भी विधानसभा चुनाव को लेकर कसी कमर
पूरी तरह से चुनावी मोड में आ चुकी कांग्रेस पार्टी ने राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले एक सितंबर से पूरे बिहार में वर्चुअल रैलियां करने का फैसला किया है। बिहार में कांग्रेस पार्टी के चुनावी भाग्य को पुनर्जीवित करने के लिए राहुल गांधी बिहार में पार्टी के कार्यकर्ताओं और लोगों को संबोधित करने के लिए इस रैली को संबोधित करेंगे। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों से मीडिया को अवगत कराते हुए चुनाव प्रभारी और राष्ट्रीय सचिव अजय कपूर ने कहा कि 1 से 21 सितंबर तक कांग्रेस पूरे राज्य में 100 वर्चुअल रैलियां करेगी।

'बीजेपी है तैयार- आत्मनिर्भर बिहार'
23 अगस्त को पटना में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बीजेपी ने भी अपने नए चुनावी नारे पर मुहर लगा दी थी। बीजेपी ने पार्टी का जो नया नारा जारी किया है वो है 'बीजेपी है तैयार- आत्मनिर्भर बिहार' इसी के साथ पार्टी मिशन-2020 में जुट गई है। इसी नारे के साथ बीजेपी बिहार की जनता के बीच जाएगी और वोट मांगेंगी। 

जेडीयू का नारा ‘भय बनाम भरोसा’
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सत्ताधारी दल जनता दल यूनाइटेड ने भी नारा जारी किया है। यह नारा है 'भय बनाम भरोसा', जेडीयू इसी नारे के साथ चुनाव में जनता के बीच जाएगी। जेडीयू नेता इस नारे के साथ घूम-घूम कर जनता को बताएंगे कि 2005 से पहले बिहार के क्या हालात थे और 2005 के बाद बिहार ने कितनी तरक्की है। पहले लोगों को भय लगता था, अब कानून पर भरोसा है।

लोजपा का नारा ‘बिहारी फर्स्ट, बिहार फर्स्ट’
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए लोक जनशक्ति पार्टी ने भी नारा दिया है। हालांकि इसमें फेरबदल संभव है। फिलहाल लोजपा का नारा है बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट"। 21 फरवरी से बिहार में चिराग पासवान ने इसी नारे के साथ यात्रा की शुरूआत की थी। बिहार में चिराग की यह पहली यात्रा थी जिसके जरिए उन्होंने हर विधानसभा क्षेत्रों में जाकर सीधा कार्यकर्ता और जनता संवाद किया। 

राजद का चुनावी नारा ‘2020 हटाओ नीतीश’
राजद ने भी विधानसभा चुनाव के लिए नारा दिया है। ये नारा है साल 2020, हटाओ नीतीश। जनवरी महीने में ही इस नारे को लालू ने ट्विट किया था। तभी से ये राजद नेता और कार्यकर्ताओं की जुबान पर है। हालांकि समर्थकों ने लालू के ट्विट पर कमेंट करते हुए तब एक और नारा दिया था, जिसे काफी पसंद भी किया गया। वो नारा है "दो हज़ार बीस, नीतीश फिनिश’।