logo

कोरोना मरीजों को अब अस्पताल के बदले जेल में रखने की मजबूरी, जेल में कम पड़ गई है जगह

कोरोना मरीजों को अब अस्पताल के बदले जेल में रखने की मजबूरी, जेल में कम पड़ गई है जगह
द फॉलोअप टीम, रांची।
कोरोना ब्लास्ट से रांची जिले का प्रशासन तंत्र कमजोर पड़ता जा रहा है। तेजी से बढ़ते कोरोना मरीजों को अब अस्पताल की जगह जेल में रखा जा रहा है। क्या जेल में जगह है? ये बड़ा सवाल है। होटवार के बिरसा मुंडा जेल में बंद करीब 3 हजार कैदियों में दहशत है, क्योंकि यहां सोशल डिस्टेंसिंग मेटेंन करना बहुत मुश्किल है।
हालात ये है कि बिरसा मुंडा जेल में विचाराधीन बंदियों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर संक्रमण से बचाने की फरियाद की है। अभी जेल में 212 संक्रमित कैदी हो गए हैं।  इनमें 107 जेलकर्मी और 105 कैदी शामिल हैं।

जेल में कैदी कर चुके हैं हंगामा
जेल में बढ़ते कोरोना मरीजों की संख्या को देखते हुए दो दिन पहले यहां बंद करीब तीन हजार कैदी हंगामा कर चुके हैं। कैदियों के हंगामे की सूचना पर जेल अधीक्षक पहुंचे और उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराए। इसके बाद विचाराधीन बंदियों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कोरोना वायरस से बचाव के लिए जमानत पर छोड़ने की गुहार लगाई है। हालांकि किसी तरह जेल में बंद कैदियों को समझा-बुझाकर रखने की कोशिश की जा रही है, लेकिन कोरोना की रफ्तार जिस तेजी से बढ़ रहा है, उससे स्थिति बेकाबू हो सकती है।

जिला और जेल प्रशासन हैं आमने-सामने
जेल में बढ़ते कोरोना मरीजों को लेकर जेल प्रशासन और जिला प्रशासन आमने-सामने हैं। रांची डीसी छवि रंजन और एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा पर ध्यान नहीं देने का आरोप है। आरोप है कि जेल में कैदियों के रहने की जगह कम पड़ गई है तो सोशल डिस्टेंसिंग कहां से हो पाएगा। संक्रमितों का इलाज भी जी का जंजाल बना हुआ है। अगर जल्द इन्हें कोविड अस्पतालों में शिफ्ट नहीं किया गया, तो स्थिति बेकाबू हो सकती है। इस खतरे को भांपते हुए जेल अधीक्षक हामिद अख्तर ने कई बार डीसी और एसएसपी से मदद की गुहार लगा चुके हैं। लेकिन इसपर ध्यान नहीं दिया गया है।

जेल में अव्यवस्था का आलम
जेल प्रशासन ने संक्रमित कैदियों में से 55 को फिलहाल अलग-अलग सेलों में और 50 को विभिन्न वार्डों में रखे हुए है। संक्रमित जेलकर्मियों को जेल के ही आवासीय परिसर में बने बैरकों में रखा गया है। अव्यवस्था का आलम यह है कि सरकारी गाइडलाइन को ताख पर रखकर एक-एक बैरक में 6 से 7 संक्रमित मरीजों को रखा जा रहा है। जेल अधीक्षक ने कहा कि कैदियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल चाहिए, ताकि उन्हें कोविड अस्पतालों में भेजा जा सके। इसके लिए एसएसपी से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने अब तक कोई जवाब नहीं दिया।

जेल आई जी ने दिया निर्देश
दिक्कत यह है कि बगैर डीसी व एसएसपी के आदेश के जेल अधीक्षक किसी संक्रमित कैदी को कोविड अस्पताल नहीं भेज सकते। मजबूरन संक्रमितों को जेल में ही रखना पड़ रहा है। जेल की सुरक्षा में बड़ी संख्या में तैनात भूतपूर्व सैनिकों व जेल पुलिस के जवानों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई संकट उत्पन्न न हो, इसलिए होमगार्ड जवानों को जेल परिसर में तैनात किए जाने की तैयारी चल रही है। जेल आईजी यह निर्देश दिया है कि जेल अधीक्षक को जब भी सुरक्षा से संबंधित कोई परेशानी महसूस होगी तो वे तुरंत पत्र लिखकर होमगार्ड जवानों की मांग करेंगे। 

मौजूदा हालात कुछ और भी बयां करते हैं  
उल्लेखनीय है कि गत 7 अगस्त को द फॉलोअप ने जेल आईजी बीरेंद्र भूषण से इस संबंध में बातचीत की थी। उन्होंने कहा था कि होटवार जेल की स्थिति अन्य जेलों से अच्छी है। मौजूदा हालात कुछ और बयां करते हैं। कोरोना काल में झारखंड की जेलों की क्या स्थिति हो सकती है, जहां कि हर जेल में क्षमता से अधिक कैदी रखे गए हैं। जेलों में क्षमता से अधिक कैदी होने के कारण वहां जगह की भारी कमी है। राज्य के कई जेल प्रशासन संसाधन के अभाव में नए कैदियों को क्वारंटाइन करने में आधी-अधूरी प्रक्रिया अपना रहा है, तो दूसरी ओर कैदियों की बढ़ती संख्या को काबू करना जेल प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई है।