द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड में कोरोना का संक्रमण बड़ता जा रहा है। इसके लिए सरकार बेहद चिंतित है और वो हर मुमकिन कोशिश कर रही है जो उससे बन पड़ता है। इसी के तहत मंगलवार से रांची के रिम्स में प्लाज्मा थेरेपी सेंटर की शुरुआत की गई है। सीएम हेमंत सोरेन ने उसका शुभारंभ किया है। प्लाज्मा थेरेपी से कोरोना मरीजों का इलाज किया जाएगा। जो लोग कोरोना को हराकर स्वस्थ हो चुके वैसे लोगों के प्लाज्मा का इस्तेमाल अब अन्य कोरोना संक्रमितों के इलाज में किया जाएगा, ताकि उनकी जान बचाई जा सके l मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज रिम्स के ब्लड बैंक में प्लाज्मा बैंकिंग प्रणाली का शुभारंभ करते हुए कहा कि रिम्स में विधिवत रूप से प्लाज्मा एकत्रित करने का कार्य प्रारंभ हो चुका है और इसे अन्य मेडिकल कॉलेजों तथा अस्पतालों में भी शुरू करने की योजना है l मुख्यमंत्री ने कहा कि प्लाज्मा दान की गति को तेज करने के लिए सरकार सभी समुचित कदम उठाएगी l
कोरोना मरीजों के इलाज में कारगर है प्लाज्मा थेरेपी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि कोरोना का संक्रमण बहुत तेजी के साथ बढ़ रहा हैl अभी तक इसके इलाज के लिए कोई कारगर दवाई और वैक्सीन नहीं आई है l ऐसे में प्लाज्मा थेरेपी का कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार में इस्तेमाल कारगर होता दिखाई दे रहा है l देश के कई राज्यों में इस तकनीक से कोविड के मरीजों का इलाज हो रहा हैl इसी वजह से राज्य सरकार ने भी प्रदेश में इसका इस्तेमाल करने का निर्णय लिया है l
पहले दिन प्लाज्मा दान के लिए सामने आए 4 डोनर
प्लाज्मा थेरेपी सेंटर की शुरूआत के पहले दिन चार डोनर सामने आए हैं। इन सभी से सीएम ने मुलाकात की और इस पुण्य कार्य के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। सीएम ने कहा कि प्लाज्मा दान के लिए जो चार नवयुवक सामने आए हैं, वह साहसिक और सामाजिक सद्भाव के परिचायक हैंl इनके प्लाज्मा से कोरोना संक्रमितों की जान बचाई जा सकेगी l
प्लाज्मा दान करने के लिए आगे आएं लोग- हेमंत
मुख्यमंत्री ने वैसे लोग जो कोरोना को मात दे चुके हैं, उनसे प्लाज्मा दान करने के लिए आगे आने का आग्रह किया l उन्होंने कहा कि उनके प्लाज्मा से अन्य मरीजों को ठीक किया जा सकता हैl मुख्यमंत्री ने कहा कि आप एक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य निभाएं और कोरोना महामारी के खिलाफ चल रही जंग मे सरकार का साथ दें l
सभी के सहयोग से कोरोना के खिलाफ जीतेंगे जंग- सीएम
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि कोरोना से बचाव को लेकर झारखंड ने देश में एक अलग पहचान बनाई हैl इस दिशा में हम सीमित संसाधनों के बलबूते आगे बढ़ रहे हैंl मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना से लड़ाई के लिए सभी को एक दूसरे का हाथ पकड़ना हैl उन्होंने भरोसा जताया कि सभी के सहयोग से हम निश्चित तौर पर कोरोना की जंग जीतने में कामयाब होंगे l
कोरोना वॉरियर्स को सलाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना से निपटने के लिए कोरोना वारियर्स जी जान से जुटे हुए हैं, चाहे वो डॉक्टर, नर्स, पारा मेडिकल कर्मी, पुलिस और सफाईकर्मी या कोई अन्य हों l इनमें से कई लोग संक्रमित हो चुके हैं , लेकिन अपनी जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हट रहे हैंl सभी कोरोना वरियर्स बधाई के पात्र हैं l
कौन कर सकते हैं प्लाज्मा दान ?
प्लाज्म डोनेट वैसे लोग कर सकते हैं जो कोविड-19 बीमारी से ठीक हुए 28 दिन से ज्यादा पर 4 महीने से कम हुए हैं। इनमें पुरुष या अविवाहित महिला जिनकी उम्र 18 से 60 साल के बीच हों, जिन्हें किडनी हार्ट की बीमारी, डायबिटीज हेपेटाइटिस एचआईवी और थायराइड जैसी अन्य क्रॉनिक बीमारी नहीं हो, वे प्लाज्मा दान कर सकते हैं l हालांकि प्लाज्मा दान के पूर्व उनके स्वास्थ्य की जांच की जाएगी और स्वस्थ लोगों का ही प्लाज्मा लिया जाएगाl
स्वास्थ्य मंत्री भी रहे मौजूद
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी, रिम्स की प्रभारी निदेशक डॉ मंजू गाड़ी और मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद समेत कई अन्य पदाधिकारी और रिम्स के चिकित्सक मौजूद रहे l