द फॉलोअप टीम, रांची :
पुलिस के खिलाफ कांग्रेस कार्यालय में धरने पर बैठी बड़कागांव की विधायक अंबा प्रसाद दोपहर बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिली। ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने उन्हें मनाकर वार्ता कराने के लिए बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत के पास पहुंचे थे। अंबा प्रसाद से मिलने के बाद सीएम ने विधायक की मांगों को जायज बताया और उसपर शीघ्र विचार करने का आश्वासन दिया।
'जमीन मुआवजे पर सहमति बनी'
सीएम ने कहा कि बड़कागांव में कोयला खनन कार्य में लगे एनटीपीसी से जमीन के मुआवजे और ग्रामीणों के घरों को स्थानांतरित करने की बात पर सहमति बनी है। साथ ही कई अन्य विषयों पर विचार होना शेष है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़कागांव की विधायक अम्बा प्रसाद ग्रामीणों की समस्या को लेकर सदैव तत्पर रहती हैं। सीएम ने पुलिस की कार्यशैली पर चिंता जतायी और विधायक को आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।
पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाया
बता दें कि अंबा प्रसाद ने पुलिस के खिलाफ अपनी ही सरकार के खिलाफ कांग्रेस मुख्यालय में धरने पर बैठ गईं थी। अंबा ने माइनिंग का कार्य कर रही कंपनी के पक्ष में पुलिस के कार्य करने के तरीके पर गंभीर आरोप लगाये हैं। इसी के विरोध में अंबा प्रसाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में धरने पर बैठी थीं। बाद में अंबा प्रसाद से बात करने पहुंचे कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने उन्हें मनाया। इसके बाद आलमगीर आलम ने विधायक को लेकर सीएम आवास पहुंचे थे।