द फॉलोअप टीम, रांची :
झारखंड में कोरोना ब्लास्ट से बिगड़ते हालात से स्थिति भयावह होती जा रही है। राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 9 लोगों की मौत होने के बाद राज्य में मरनेवालों की संख्या 177 पहुंच चुकी है। इसके साथ ही 530 नए मामले मिलने के बाद राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 18 हजार से संख्या अधिक हो गई है। इस बीच प्लाज्मा थेरेपी ने संक्रमितों की उम्मीदों को थोड़ा जरूर बढ़ाया है। झारखंड में प्लाज्मा थेरेपी के जरिए पहले कोरोना संक्रमित 68 साल के वृद्ध ने कोरोना वायरस को मात दे दी है।
महज 4 दिन बाद रिपोर्ट ने निगेटिव
राजधानी रांची के ऑर्किड मेडिकल सेंटर में भर्ती 68 साल की वृद्ध कोरोना वायरस से संक्रमित थे। संक्रमितों के इलाज के लिए प्लाज्मा थेरेपी का उपयोग किया गया। आइसीयू में भर्ती गंभीर संक्रमितों को प्लाज्मा चढ़ाया गया। महज इसके चार दिन बाद ही वृद्ध की कोरोना की रिपोर्ट निगेटिव आ गई। इसके बाद प्लाज्मा थेरेपी से कोरोना संक्रमितों के लिए उम्मीद की किरण बन गयी है। क्योंकि राज्य में प्लाज्मा थेरेपी से पहला कोरोना संक्रमित मरीज स्वस्थ हो गया है।
रांची में दो अन्य में प्लाज्मा का उपयोग
रांची में दो और कोरोना संक्रमितों का इलाज प्लाज्मा थेरेपी के माध्यम से किया जा रहा है। इसमें एक मेडिका और एक संक्रमित अन्य अस्पताल में भर्ती है। मेडिका में भर्ती संक्रमित को दो बार प्लाज्मा चढ़ाया जा चुका है। इसके परिणामों के लिए डॉक्टर 72 घंटे का इंतजार कर रहे हैं। बेहतर परिणाम मिलने के बाद राज्य में प्लाज्मा थेरेपी से इलाज कर संक्रमितों को ठीक करने की पहल को तेज किया जाएगा।
सीएम ने की थी थेरेपी की शुरुआत
कोरोना के प्रकोप को रोकने के लिए झारखंड सरकार ने 28 जुलाई को प्लाज्मा थेरेपी की शुरुआत की थी। रिम्स के ब्लड बैंक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और स्वास्थ्य सचिव डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी ने उद्घाटन किया था। पहले दिन कोरोना को हराकर स्वस्थ हुए रांची के चार डोनर ने रिम्स पहुंच कर प्लाज्मा डोनेट किया था