द फॉलोअप टीम, लोहरदगा
लोहरदगा जिले के कुजरा गांव के शांत सुरम्य वातावरण में स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय बालिका विद्यालय की 12वीं प्रथम बैच की 6 में से 3 छात्राओं ने जेईई मेन की परीक्षा में सफलता हासिल की है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा ली जाने वाली जेईई मेन की परीक्षा में एकलव्य मॉडल आवासीय बालिका विद्यालय कुजरा में अध्ययनरत गणित संकाय की 6 छात्राओं ने भाग लिया था ।12 सितंबर 2020 को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा जेईई मेन का रिजल्ट घोषित किया गया था।
पहले प्रयास में पायी सफलता
लोहरदगा का एकलव्य मॉडल आवासीय बालिका विद्यालय कुजरा ने सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। आपको बता दें कि लोहरदगा कल्याण विभाग के अंतर्गत बुद्ध शैक्षणिक विकास परिषद द्वारा इस स्कूल का संचालन किया जाता है। NTA द्वारा प्रकाशित रिजल्ट में इस विद्यालय की 6 में से 3 छात्राएं जूली तिर्की, ममता कुमारी और प्रियंका कुमारी ने अपने प्रथम प्रयास में ही सफलता प्राप्त कर जेईई एडवांस की परीक्षा में शामिल होने की अहर्ता प्राप्त कर ली है। जेईई मेंस में सफल यह तीनों अभ्यर्थी अब जेईई एडवांस की परीक्षा में शामिल होंगी। विद्यालय प्रबंधन द्वारा अब इनका जेईई एडवांस के लिए फॉर्म भरवाया जाएगा ।
सफल छात्रों को बधाई देनेवालों का लगा तांता
विद्यालय प्रबंधन की तत्परता ,शिक्षकों का बेहतर मार्गदर्शन एवं स्वयं छात्राओं की लगन और परिश्रम से ही दूर सुदूर अभावग्रस्त ग्रामीण अनुसूचित जनजाति परिवार की इन बेटियों का सपना साकार हो सका। विद्यालय की प्राचार्या ,शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा सफल अभ्यर्थियों को बधाई और शुभकामना दी गई है। साथ ही कल्याण विभाग के अधिकारियों ने भी इन सभी छात्राओं को जेईई मेंस की परीक्षा में सफलता के लिए बधाई दी है और उनके स्वर्णिम भविष्य की कामना की है।