logo

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आज : देशभर में उत्साह का माहौल, PM मोदी ने दिया स्वस्थ जीवन का मंत्र; बिहार में CM सम्राट ने संभाली कमान

 देशभर में उत्साह का माहौल, PM मोदी ने दिया स्वस्थ जीवन का मंत्र; बिहार में CM सम्राट ने संभाली कमान

योग दिवस:
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आज 190 से अधिक देशों में मनाया जा रहा है। इस वर्ष योग दिवस की थीम "योगा फॉर हेल्दी एजिंग" रखी गई है। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर करीब 35 हजार लोगों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए योग का गुर सिखाया। कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि बेहतर जीवन, स्वस्थ उम्र और मानसिक संतुलन का मार्ग है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति बढ़ती उम्र में भी स्वस्थ और ऊर्जावान रह सकता है। 

 

बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संभाली कमान
बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्यभर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। मुख्यमंत्री ने पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में सहभागिता कर योगाभ्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों में योग के प्रति जागरुक करते हुए कहा कि योग भारत की सनातन ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार है, जो शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योग दिवस शुरु करने के लिए सराहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज संपूर्ण विश्व भारतीय संस्कृति की इस महान धरोहर को अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर अग्रसर है। इसके बाद उन्होंने जनता से योग को जन-जन का संकल्प बनाकर स्वस्थ, समृद्ध एवं विकसित बिहार के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की भी अपील की।

 

योग को बिहार के स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने मुख्यमंत्री से योग को बिहार के स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल करने का आग्रह किया। उनका कहना है कि इससे बच्चों में बेहतर स्वास्थ्य, अनुशासन और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा। वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, ललन सिंह सहित कई सांसदों और जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में योग शिविरों में भाग लेकर लोगों को नियमित योग अपनाने का संदेश दिया।

Tags - International Yoga Day 2026 Yoga Day 2026