द फॉलोअप डेस्क
अहमदाबाद में हुए भयावह विमान हादसे में राजस्थान के पाली ज़िले की 21 वर्षीय खुशबू राजपुरोहित का भी असमय निधन हो गया। खुशबू पहली बार अपने पति से मिलने लंदन जा रही थी। नियति को कुछ और ही मंजूर था—जिस यात्रा को लेकर पूरे परिवार में उत्साह था, वह हमेशा के लिए एक गहरा शोक बनकर रह गई। खुशबू की शादी इसी वर्ष जनवरी में जोधपुर ज़िले के खारा बैरा (पुरोहितान) निवासी विपुल सिंह से हुई थी, जो लंदन में नर्सिंग ऑफिसर हैं। शादी के कुछ ही समय बाद विपुल लंदन लौट गए और वहीं से खुशबू के पासपोर्ट और वीजा की प्रक्रिया शुरू की। खुशबू के लिए यह पहली अंतरराष्ट्रीय यात्रा थी और वह बेहद उत्साहित थी। पहले 10 जून की फ्लाइट का प्रयास किया गया, लेकिन टिकट नहीं मिलने के कारण 12 जून की एयर इंडिया की फ्लाइट से जाना तय हुआ।
12 जून को खुशबू अपने पिता मदन सिंह के साथ अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंची। विदाई के उस भावुक क्षण में उन्होंने अपने पिता के साथ एक सेल्फी ली और हाथ हिलाकर नम आंखों से विदा ली। पिता ने बेटी के जाने से पहले एक छोटा सा वीडियो भी रिकॉर्ड किया। कुछ ही देर बाद जब विमान हादसे की खबर मिली, तो मानो मदन सिंह की दुनिया उजड़ गई। एयरपोर्ट के बाहर ही वे बेसुध होकर गिर पड़े। पाली और जोधपुर के गांव खारा बैरा में जैसे मातम पसर गया। जिस घर में कुछ महीने पहले शादी की खुशियां मनाई गई थीं, अब वहां शोक की चादर फैल गई। भास्कर टीम जब उनके ससुराल पहुंची, तो ग्रामीणों ने कहा—"अभी कुछ ही महीनों पहले इस घर में मंगल गीत गाए थे, अब शोक गीत गूंजेंगे।"
वो तस्वीर, जो एक पिता ने बेटी की आखिरी विदाई के रूप में ली थी, अब उनकी सबसे कीमती याद बन गई है। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा था—"आशीर्वाद खुशबू... गोइंग टू लंदन..."