द फॉलोअप डेस्क
लखनऊ (Lucknow) में प्रमोशन की पार्टी करने जा रहे 5 दोस्त कार हादसे का शिकार हो गए। घटना में 2 लोगों की मौत हो गई है। 3 गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। हादसा रात करीब 1 बजे का है। जिन 2 की जान गई है उनका नाम विकास और अजय है। विकास पेशे से इंजीनियर (Engineer) तो अजय डॉक्टर (Doctor) है। दोनों की मौत की खबर से घर में मातम का माहौल है। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए है। जानकारी पाकर पहुंचे दमकलकर्मियों ने गैर कटर से कार की बॉडी काटकर गाड़ी में सवार लोगों को बाहर निकाला। जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

चारबाग घूमने निकले थे पांच दोस्त
मिली जानकारी के अनुसार विकास का दो दिन पहले ही प्रमोशन हुआ था। विकास कुमार मौर्य लखनऊ मेट्रो में इंजीनियर था। प्रामोशन का जश्न मनाने के लिए विकास,अजय अमित समेत अन्य दोस्तों के साथ वैगनआर कार से चारबाग घूमने निकला था। कार अमित चला रहा था। रात करीब1 बजे अमित ने कार में ब्रेक लगाई तो वो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकरायी जिसके बाद पलट गई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई।

जिस बेटे को घोड़ी चढ़ाना था अब उसकी अर्थी को कंधा देना होगा
घटना में विकास और अजय की मौत हो गई। दोनों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। विकास के पिता का कहना है कि बेटे को घोड़ी पर चढ़ाना था। उसके लिए कई रिश्ते आ रहे थे। लेकिन अब बेटे की अर्थी को कंधा देना होगा,इतना कहते ही वो फफक-फफक कर रोने लगे। वहीं डॉक्टर अजय कुमार के परिवार का भी रो-रो कर बुरा हाल है। उनके पिता नंदलाल ने बताया कि बहू गर्भवती है और एक ढाई साल का पोता तेजस है। बेटे ने जल्द घर आने की बात कही थी लेकिन वह हमेशा के लिए हमें छोड़ कर चला गया।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\