द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को देवघर में दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वह सुबह 10:10 बजे विशेष विमान से देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जिसके बाद सुबह 11 बजे एम्स देवघर के दूसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर सफल मेडिकल छात्रों को डिग्री प्रदान करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे वह दर्दमारा स्थित बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट परिसर के बीबीएमटी अस्पताल में आयोजित सैन्य मेला के समापन समारोह में पहुंचेंगे और सेना के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं को देखेंगे। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर दोनों कार्यक्रम स्थलों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह दोपहर 2:10 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
