द फॉलोअप डेस्क:
Mathura Gurukul Accident: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मथुरा (Mathura) जिले के वृंदावन (Vrindavan) में एक दर्दनाक हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई। घटना चैतन्य विहार (Chaitanya Vihar) इलाके में स्थित एक गुरुकुल (Gurukul) की है, जहां भूमिगत पानी की टंकी (water tank) की सफाई के दौरान बच्चों के जहरीली गैस की चपेट में आने की आशंका है। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम टंकी से तेज बदबू आने के बाद कुछ बच्चों ने उसकी सफाई शुरू की थी। पानी निकालने के बाद करीब पांच बच्चे 10 से 12 फीट गहरी टंकी में उतर गए, लेकिन अंदर जाते ही वे बेहोश होने लगे। चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा किसी तरह बाहर निकल आया। घायल बच्चे का इलाज कराया जा रहा है।

जहरीली गैस की आशंका, जांच के निर्देश दिए गए
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के मुताबिक, गुरुकुल में करीब 200 बच्चों का पंजीकरण बताया गया है, जबकि फिलहाल करीब 100 बच्चे परिसर में रह रहे थे। शुरुआती जांच में टंकी के अंदर जहरीली गैस होने की आशंका जताई गई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया गया। मुख्यमंत्री ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए घायल बच्चे के बेहतर इलाज और मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

गुरुकुल की मान्यता पर उठे सवाल
वहीं, इस हादसे के बाद गुरुकुल के संचालन और उसकी मान्यता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन के मुताबिक, संस्थान को आधिकारिक मान्यता प्राप्त नहीं होने की बात सामने आ रही है। अब पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि गुरुकुल किन नियमों के तहत संचालित हो रहा था, सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं और बच्चों को टंकी की सफाई जैसे जोखिमपूर्ण काम में क्यों लगाया गया।