द फॉलोअप नेशनल डेस्क
उत्तर प्रदेश में 13 मतदान कर्मियों की मौत लू लगने से हो गयी है। इसमें 7 होमगार्ड के जवान बताये जाते हैं, जो अलग-अलग स्थानों से मिर्जापुर आये हुए थे। बाकी की मौते भी मिर्जापुर और इसके आसपास होने की खबर है। वहीं लगभग 2 दर्जन मतदान कर्मियों को गंभीर हालत में मिर्जापुर मेडिकल कॉलेज में एडमिट किया गया है। इस बारे में मेडिकल कॉलेज के एक सूत्र ने बताया, "हमारे पास कुल 23 जवान आए हैं। 7 जवानों की जान चली गई है। 2 जवानों की हालत गंभीर है। मृतकों को तेज बुखार था, उनका बीपी बहुत ज्यादा था और शुगर लेवल भी बहुत ज्यादा था। ब्रेन स्ट्रोक की आशंका थी। मुझे बताया गया कि यहां लाए जाने से पहले ही वे बेहोश हो गए थे। वे यहां चुनाव ड्यूटी पर थे।"

देशभर में कई मौतें हो चुकी हैंं
गौरतलब है कि देशभर में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के कारण कई दर्जन लोगों की मौत हो चुकी है। मिली खबर के मुताबिक मिर्जापुर से पहले तक भीषण गर्मी के कारण 43 लोगों की मौत हो चुकी है। बिहार से खबर है कि यहां 32 लोग गर्मी के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं। इसी तरह ओडिशा में भी 10 लोगों की जान गर्मी की वजह से हुई है। बिहार में 17 औरंगाबाद में, 6 आरा में, तीन-तीन गया और रोहतास में, 2 बक्सर में और पटना में 1 मौत हुई है। ओडिशा के राउरकेला में 10 लोगों की मौत हीटवेव के कारण हो गयी है।

1 जून को लोकसभा चुनाव के सातवें चरण का मतदान
बता दें कि कल 1 जून को लोकसभा चुनाव के सातवें चरण का मतदान होगा। इसी चरण में PM नरेंद्र मोदी मोदी, कंगना रनौत और पवन सिंह के भाग्य का फैसला होगा। सातवें चरण के मतदान में केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और 7 राज्यों की कुल 57 सीटों पर 1 जून को मतदान होना है। इन प्रदेशों से कुल 904 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिन लोकसभा सीटों पर वोटिंग होनी है, उनमें पीएम नरेंद्र मोदी, अभिनेत्री कंगना रनौत, टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और भोजपुरी कलाकार पवन सिंह जैसी शख्सियतों की सीट का जिक्र किया जा सकता है।

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -