द फॉलोअप डेस्क, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश में एक के बाद एक 3 सगे भाइयों ने फांसी लगा ली। मामला उत्तर के संभल जिले का है, जहां तीन भाइयों में 2 की मौत हो गई। तीसरे की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना को लेकर इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। पूरा मामला धनारी थानाक्षेत्र के औरंगाबाद गांव का बताया जा रहा है।
दूसरे भाई की हालत नाजुक
मिली जानकारी के मुताबिक पहले पान सिंह नाम के युवक ने जंगल में फांसी लगा ली। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो उसे फंदे से लटका हुआ पाया। पान सिंह की मौत की खबर सुनते ही घर में बड़े भाई बृजेश ने भी फांसी लगा ली। गनीमत है कि परिजन समय पर घर पहुंच गए और उसे फंदे से नीचे उतार लिया। दूसरी तरफ 2 भाइयों द्वारा फांसी लगाए जाने की खबर सुनकर तीसरे भाई मुनेश ने भी आत्महत्या कर ली। मुनेश पंजाब में काम करता था. वह पंजाब से वापस घर लौट रहा था। धनारी स्टेशन पहुंचते ही उसने भी पुल के नीचे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजन की भूमिका संदेह के गहरे में
तीनों भाइयों में से 2 का परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार कर दिया। इसे लेकर परिजन भी संदेह के घेरे में हैं। तीनों भाइयों की संदेहास्पद आत्महत्या के मामले में पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि एक के बाद एक 3 सगे भाइयों ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया। तीसरे भाई बृजेश की स्थिति नाजुक है, लेकिन जैसे ही वह खतरे से बाहर आएगा पुलिस उससे भी आत्महत्या के पीछे की वजह जानना चाहेगी।
मुनेश ने मरने से पहले छोड़ा संदेश
इधर पुलिस ने मृतक भाइयों के रिश्तेदारों से पूछताछ की। मृतक के एक चचेरे भाई ने बताया कि पान सिंह नौकरी करने के लिए पंजाब जाना चाहता था। वह वहां अपने भाई बृजेश के साथ काम करना चाहता था। पान सिंह को उसके पिता ने पंजाब जाने से मना कर दिया था। इसे लेकर बाप-बेटे में झगड़ा हो गया था। वहीं पंजाब में काम करने वाले भाई ने आत्महत्या से पहले एक संदेश छोड़ा। मुनेश ने अपने हाथ में लिख रखा था "हम दोनों भाइयों की आत्मा को शांति मिले। हमारे घर की लाज रखना। सब लोगों राम-राम"।
पुलिस ने बताया घरेलू विवाद
परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने घटना की जानकारी दी। एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि 3 सगे भाइयों की आत्महत्या की सूचना मिली थी। औरंगाबाद के रहने वाले 2 भाइयों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली तो वहीं तीसरे को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती करा दिया। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया से यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ा लग रहा है। उन्होंने बताया कि मृतक भाइयों का पुलिस को सूचित किये बगैर अंतिम संस्कार कर दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है।