logo

रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन ने दिखाई ताकत और एकजुटता, भाजपा ने बताया फ्लॉप शो

रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन ने दिखाई ताकत और एकजुटता, भाजपा ने बताया फ्लॉप शो

द फॉलोअप नेशनल डेस्क:

INDIA Block Mega Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान (Ramleela Ground, Delhi) में आज इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) ने ताकत और एकजुटता दिखाई। लंबे समय बाद विपक्षी दलों के प्रमुख नेताओं ने मंच साझा किया। मौका था, एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के दौरान कथित वोट चोरी के खिलाफ इंडिया गठबंधन की महारैली का। वोट बचाओ-देश बचाओ नाम की इस मेगारैली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi), सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav), आरजेडी नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav), बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी (Mamata Banerjee), पीडीपी की महबूबा मुफ्ती (Mehbooba Mufti), नेशनल कांफ्रेंस के फारुख अब्दुल्ला (Farooq Abdullah), शिवसेना (उद्धव गुट) के संजय राउत (Sanjay Raut), कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) और सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) समेत अन्य लोग शामिल हुए। ये सभी नेता एक खुली छत वाली गाड़ी में एक साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। 

 

झारखंड से मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की हुईं शामिल
इंडिया गठबंधन की इस रैली में झारखंड से मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, कांग्रेस नेता बंधु तिर्की, विधायक ममता देवी समेत कई और मंत्री और विधायक-सांसद शामिल हुए। सीएम हेमंत ने एक दिन पहले इंडिया गठबंधन की बैठक और प्रतीकात्मक पार्लियामेंट सेशन में हिस्सा लिया था। 



राहुल गांधी ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी
वोट बचाओ-देश बचाओ महारैली में राहुल गांधी ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा। उन्होंने इतना गलत किया है कि उनको रातों को नींद नहीं आती। यही हाल पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का भी है। राहुल गांधी ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी कहती है कि पीएम मोदी कहीं नहीं जाएंगे। सही कहती है। हम उन्हें कहीं जाने भी नहीं देंगे। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को यहीं रहकर कानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा। राहुल गांधी ने कहा कि हमारी ज्ञानेश कुमार, पीएम या गृहमंत्री से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, लेकिन उन्हें देश में लोकतंत्र की आवाज को खामोश करने नहीं दिया जा सकता। 

ममता बनर्जी ने मांगा ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा
ममता बनर्जी ने भाजपा पर चुनाव आयोग के सहयोग से वोट चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने तंजात्मक लहजे में जॉनी-जॉनी यस पापा का स्पूफ गाया। ममता बनर्जी ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही पड़ेगा। 

अखिलेश यादव ने यूपी चुनाव का दिया हवाला
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा के अंगद के पांव वाले बयान पर तंज किया। उन्होंने कहा कि जो लोग अंगद की तरह पांव जमाने की बात कहते हैं, उनकी जमीन ही नहीं बची है। अखिलेश यादव ने आगामी यूपी चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में जितना भव्य स्वागत होता है, उतनी ही शानदार विदाई भी होती है। अखिलेश यादव ने बीजेपी पर वोट और चंदा चोरी का आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने दावा किया कि यूपी में 1 करोड़ 47 लाख मतदाताओं का नाम सूची से काट दिया गया है। 

तेजस्वी यादव ने शकुनि का उदाहरण देकर किया तंज
तेजस्वी यादव ने कहा कि वोट चोरी के लिए सत्तासीन लोगों को जेल भेजकर उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय के शकुनि और पासा को पहचानना होगा। कुरुक्षेत्र में लड़ाई लड़नी पड़ेगी। उन्होंने आमजन से भाजपा को यूपी चुनाव में सबक सिखाने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में  लोकतंत्र खत्म करने की ताकत किसी में नहीं है। 

अमित शाह ने राहुल गांधी की कड़ी आलोचना की
एक ओर महागठबंधन ने  महारैली में जनसैलाब उमड़ने का दावा किया तो वहीं दूसरी तरफ सत्तारूढ़ भाजपा ने इसे फ्लॉप शो करार दिया। बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कहा कि इतनी मेहनत के बावजूद विपक्ष के लोग रामलीला मैदान को भर नहीं पाए। गृहमंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने का आरोप लगाया। अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी इतिहास नहीं जानते या भूल गये हैं। 
इंडिया गठबंधन के दावे और भाजपा के पलटवार के बीच इस सच्चाई से इनकार नहीं किया जा सकता है कि दिल्ली के रामलीला मैदान में भारी भीड़ जुटी थी।

लंबे समय से बिखरा हुआ दिख रहा इंडिया गठबंधन आज एकजुट भी दिखा। राहुल गांधी ने कहा कि यह किसी पार्टी या विचारधारा विशेष की लड़ाई नहीं है, बल्कि देश की लड़ाई है। देश में लोकतंत्र की आवाज को जिंदा रखने की लड़ाई है। 

Tags - INDIA AllianceVote Bachao-Desh Bachao RallyRahul GandhiCEC Gyanesh KumarECISIR