द फॉलोअप डेस्क:
केंद्र सरकार ने 30 नवंबर को लोकसभा तो वहीं 2 दिसंबर को राज्यसभा का एक दिवसीय सत्र बुलाया है। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने जानकारी दी है कि इन बैठकों में सरकार के जरूरी कामकाज को पूरा किया जाएगा। संसद की यह बैठकें मानसून सत्र की ही आगे की कार्यवाही बताई जा रही है। गौरतलब है कि संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त 2026 को हंगामे के बीच अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिा गया था। मानसून सत्र का औपचारिक सत्रावसान नहीं हुआ था।
विपक्षी दलों ने सरकार पर शीतकालीन सत्र देरी से बुलाने और परिसीमन से जुड़े समीकरणों के चलते सत्र को औपचारिक रूप से खत्म नहीं करने का आरोप लगाया था। वहीं, एनडीए ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि सत्र बुलाना या स्थगित करने सरकार का संवैधानिक विशेषाधिकार है।

लोकसभा स्पीकर और राज्यसभा सभापति से अनुरोध
गौरतलब है कि अब केंद्र की मोदी सरकार ने लोकसभा और राज्यभा की बैठक को फिर से बुलाने का अनुरोध किया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि लोकसभा की बैठक सोमवार (30 नवंबर) को और राज्यसभा की बैठक बुधवार (2 दिसंबर) को होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चल सकती है।

संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही का ही हिस्सा है
किरेन रिजिजू ने स्पष्ट किया कि ये बैठकें संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही का ही हिस्सा हैं। यानी इसे नया सत्र नहीं माना जाएगा। सरकार ने लोकसभा स्पीकर और राज्यसभा के सभापति से दोनों सदनों को फिर से बुलाने का अनुरोध किया है। इस बैठक का उद्देश्य जरूरी सरकारी कामकाज निपटाना है।