द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
तेलंगाना के वट्टेपल्ली इलाके में रविवार शाम महज 10 रुपये के छुट्टे को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक ऑटो चालक की जान चली गई। मृतक की पहचान मुकरम के रूप में बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मुकरम अपने परिवार के साथ ऑटो से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक महिला उसकी ऑटो में सवार हुई और कुछ दूरी तक जाने के बाद गंतव्य पर पहुंचकर उसने 200 रुपये का नोट दिया। मुकरम के पास छुट्टे पैसे नहीं थे, इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

बेटे को फोन किया, फिर पहुंची भीड़
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद महिला ने अपने बेटे अजीम को फोन कर दिया। कुछ देर बाद अजीम अपने साथ कई लोगों को लेकर वहां पहुंचा और मुकरम के साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। आरोप है कि मुकरम को इतनी बुरी तरह पीटा गया कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
.jpeg)
पुलिस ने शुरू की जांच
वारदात की सूचना मिलते ही राजेंद्रनगर के डीसीपी श्रीनिवास (IPS) और फलकनुमा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। वहीं, बहादुरपुरा के विधायक मोहम्मद मुबीन भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना जताई। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।