logo

तेलंगाना में मौत का तांडव, सनकी ने छह लोगों की चाकू से गला रेतकर हत्या की 

ीोलुो.png

द फॉलोअप डेस्क
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के शाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के हुए एक जघन्य हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, पॉक्सो मामले में आरोपी राजकुमार ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों के साथ-साथ उस 17 वर्षीय किशोरी, उसकी मां और दादी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने यह वारदात अपने खिलाफ दर्ज पॉक्सो केस की रंजिश में अंजाम दी। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सबसे पहले दैवलागुडा स्थित अपने घर में पत्नी सरिता (33), चार वर्षीय बेटे परीक्षित और दो वर्षीय बेटे दैवक्षित की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद वह शाबाद पीआरआर स्टेडियम के पास रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी के घर पहुंचा और उसे जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। विरोध करने पर किशोरी की मां लक्ष्मी और दादी रुक्कम्मा पर भी उसने जानलेवा हमला किया, जिससे दोनों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी किशोरी को दैवलागुडा के पास अखिल सागर झील क्षेत्र में ले गया, जहां उसकी भी हत्या कर दी गई।


पॉक्सो केस में जमानत पर था बाहर
पुलिस के अनुसार, किशोरी की मां ने 16 मई को राजकुमार के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था। इसी मामले में गिरफ्तार होने के बाद वह हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। छह लोगों की हत्या के बाद आरोपी ने अपने पिता अरुण कुमार को फोन कर बताया कि उसने छह लोगों की हत्या कर दी है और अब वह खुद भी आत्महत्या करने जा रहा है। इसके बाद आरोपी के पिता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।


सात पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में, पुलिस भी हुई हैरान
फ्यूचर सिटी के पुलिस आयुक्त तरुण जोशी ने बताया कि दो अलग-अलग स्थानों पर कुल छह लोगों की हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी का अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों की भी हत्या कर देना पुलिस के लिए भी बेहद चौंकाने वाला है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए सात विशेष पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।


इलाके में तनाव, परिजनों ने किया प्रदर्शन
घटना के बाद शाबाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। मृतकों के परिजन और स्थानीय लोगों ने शाबाद-कंडी रोड पर धरना देकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी को जल्द नहीं पकड़ा गया तो वह किसी और बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है। पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि आरोपी की तलाश युद्धस्तर पर जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Tags - Telangana Ranga Reddy Six Murders POCSO Case Crime News Double Family Murder Hyderabad