द फॉलोअप डेस्क
तेलंगाना के निजामाबाद जिले से पति की हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर 35 वर्षीय पति की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि पहले पति को शराब पिलाकर घर की छत से धक्का दिया गया, लेकिन जब वह बच गया तो अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर और एनेस्थीसिया इंजेक्ट कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी संध्या, उसके कथित प्रेमी अनिल और उसके दोस्त वेंकट साई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हत्या के पीछे एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की बात सामने आई है।

पहली कोशिश नाकाम होने के बाद अस्पताल में रची गई साजिश
पुलिस के मुताबिक, मृतक प्रशांत हाल ही में खाड़ी देश से अपने घर लौटा था। घर लौटने के बाद उसे पत्नी संध्या के कथित प्रेम संबंध की जानकारी मिली, जिसके बाद दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा। जांच में सामने आया कि 30 जून को तीनों आरोपियों ने प्रशांत को पहले शराब पिलाई, फिर उसके साथ मारपीट की और छत से नीचे धक्का दे दिया। हालांकि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उसकी जान बच गई। इसके बाद आरोपियों ने उसे अस्पताल पहुंचाते हुए दावा किया कि वह नशे की हालत में खुद छत से गिर गया था। पुलिस का आरोप है कि संध्या, जो पहले एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में काम कर चुकी है, ने अपने मेडिकल ज्ञान का इस्तेमाल करते हुए इलाज के दौरान पति की ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर और एनेस्थीसिया इंजेक्ट कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मां की शिकायत और पोस्टमॉर्टम से खुला मामला
प्रशांत की मौत के बाद उसकी मां को घटना पर संदेह हुआ और उन्होंने 1 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों से पूछताछ की, जबकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मामले की परतें खुलनी शुरू हुईं। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में संध्या ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, वहीं वेंकट साई ने भी हत्या के पहले प्रयास में अपनी भूमिका कबूल की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।