द फॉलोअप डेस्कः
यूपी के देवरिया में 2 लड़कियों द्वारा आपस में शादी करने का मामला सामने आया है। देवरिया के चनुकी में स्थित आर्केस्ट्रा में काम करने वाली 2 लड़कियों ने आपस में शादी कर ली। दोनों ने मझौली राज में स्थित भगड़ा भवानी मंदिर में शादी की है। बता दें कि दोनों लड़कियां पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं। एक लड़की का नाम जयश्री राउल है। वह 24 परगना वेस्ट बंगाल की रहने वाली है। दूसरी लड़की का नाम राखी दास है, जिसकी उम्र 23 साल है। वह अक्षयनगर रिफ्यूजी कालोनी साउथ 24 परगना वेस्ट बंगाल की रहने वाली है।
3 साल से डांस करती थी आर्केस्ट्रा
ये दोनों लड़कियां चनुकी में एक आर्केस्ट्रा ग्रुप में काम करती थीं। दोनों ने सलेमपुर के मझौली राज में स्थित भगड़ा भवानी मंदिर में सोमवार को एक दूसरे के साथ शादी रचाई। दोनों की शादी स्थानीय पंडित द्वारा कराया गया। लार थाना क्षेत्र के मठ वार्ड के भेड़िया टोला के रहने वाले मुन्ना पाल लार ब्लॉक के चनुकी बाजार में आर्केस्ट्रा चलाते हैं। उनके आर्केस्ट्रा में ये दो युवतियां करीब 3 साल से डांस करती हैं। डांस के दौरान ही दोनों में दोस्ती हो गई। दोस्ती कब प्यार में बदल गई, ये किसी को पता नहीं लगा। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें तक खाईं।
मंदिर में रचाई शादी
कहा जा रहा है कि 30 दिसंबर को आर्केस्ट्रा संचालक और उसके कुछ साथी मझौली राज के दीर्घेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे थे और दोनों युवतियों की शादी करने की बात कही, लेकिन मंदिर के महंत जगरनाथ महाराज ने उच्च अधिकारियों की अनुमति न होने का हवाला देते हुए उन्हें वहां से लौटा दिया। उसके बाद मायूस होकर सभी लोग वापस लौट गए और भाटपाररानी तहसील जाकर दोनों ने शादी के लिए स्टांप पेपर खरीदा। दोनों ने बताया कि वो आपस में बहुत प्रेम करती हैं और एक साथ पति-पत्नी की तरह जिंदगी बिताना चाहते थे. इसकी जानकारी उनके परिजनों को भी है। दोनों ने कहा कि हमलोगों ने एक मंदिर में शादी कर ली है।