द फॉलोअप डेस्क
केंद्र सरकार ने रणनीतिक रूप से अहम सिलीगुड़ी कॉरिडोर में 31 किलोमीटर लंबे, चार-लेन वाले हाईवे के निर्माण के लिए 2,000 करोड़ मंज़ूर किए हैं। यह हाईवे मुख्य नेशनल हाईवे 27 के एक हिस्से के समानांतर चलेगा। यह नया हाईवे ज़मीन की इस संकरी पट्टी में सड़क संपर्क को मज़बूत करेगा, जो नॉर्थ-ईस्ट और देश के बाकी हिस्सों के बीच ज़मीन के ज़रिए एकमात्र संपर्क है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि नए हाईवे के लिए 2,077.18 करोड़ मंज़ूर किए गए हैं। यह हाईवे पानीटंकी और खारीबारी होते हुए बागडोगरा को गलगलिया, बिहार से जोड़ेगा। ये नया चार-लेन हाईवे असम समेत पूरे नॉर्थ-ईस्ट के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है। इससे देश के बाकी हिस्सों के साथ सड़क संपर्क मजबूत होगा, NH-27 पर निर्भरता कम होगी और सामानों की आवाजाही के लिए एक बेहतर वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। असम की चाय, कृषि और अन्य स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में भी आसानी होगी, जबकि व्यापार, पर्यटन और रणनीतिक सुरक्षा के लिहाज से पूरे पूर्वोत्तर को इसका महत्वपूर्ण फायदा मिलने की उम्मीद है।

आंतरिक सुरक्षा के लिए बहुत अहम
मिली खबर के मुताबिक 31.02 किलोमीटर लंबी इस सड़क को नेशनल हाईवे 327 कहा जाएगा और यह NH27 से 20 से 30 किलोमीटर की दूरी बनाए रखेगी। 'चिकन्स नेक' (मुर्गे की गर्दन) के नाम से भी मशहूर, लगभग 60 किलोमीटर लंबा सिलीगुड़ी कॉरिडोर अपनी सबसे संकरी जगह पर मुश्किल से 20-22 किलोमीटर चौड़ा है और भारत की बाहरी और आंतरिक सुरक्षा के लिए बहुत अहम है। गडकरी ने लिखा, "रणनीतिक रूप से अहम सिलीगुड़ी कॉरिडोर पर स्थित यह प्रोजेक्ट नॉर्थ-ईस्ट भारत से संपर्क को मज़बूत करेगा और नेपाल, भूटान व बांग्लादेश तक पहुंच को बेहतर बनाएगा।"

अहम क्षेत्रीय केंद्रों से संपर्क बेहतर होगा
गडकरी ने आगे कहा, "चार-लेन बनने से बागडोगरा, नक्सलबाड़ी, खारीबारी और पानीटंकी में भीड़ कम होगी, बागडोगरा एयरपोर्ट और अहम क्षेत्रीय केंद्रों से संपर्क बेहतर होगा, और कृषि, बागवानी, चाय व अन्य स्थानीय उत्पादों को बड़े बाज़ारों तक तेज़ी से पहुँचाना आसान हो जाएगा।" गलगलिया बिहार के किशनगंज ज़िले में है। दार्जिलिंग ज़िले के सिलीगुड़ी सब-डिविज़न में स्थित पानीटंकी, नेपाल जाने का एक लोकप्रिय रास्ता है। इस प्रोजेक्ट में तीन बड़े पुल, एक रोड ओवरब्रिज, हाथियों के लिए पाँच अंडरपास और नए हाईवे के दोनों तरफ़ सर्विस रोड का निर्माण शामिल होगा।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें