द फॉलोअप डेस्क
तस्वीर में आप जिस महिला को देख रहे हैं, वो झारखंड की राजधानी रांची की रहने वाली शोभा कुमारी हैं। इनकी कहानी ऐसी है, जिसे सुनकर किसी भी संगदिल इंसान की आंखों में आंसू आ जायें। कुछ दिन पहले एक गंभीर बीमारी की वजह से शोभा के एक हाथ को काटना पड़ा। ये मामूली हाथ नहीं था। ये वही हाथ था जिसके हुनर की तारीफ पिछले साल खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात में कर चुके थे। गौरतलब है कि उस पीएम मोदी ‘वोकल फोर लोकल’ अभियान को देश को कोने-कोने तक पहुंचाने में लगे हुए थे। उस वक्त शोभा के दोनों हाथ थे। अपने हाथों से शोभा वेस्टेज सामानों से गुड़िया बनाकर बेचा करती थीं। इससे न सिर्फ शोभा का घर चलता था, बल्कि उनके इस व्यवसाय के साथ 35 महिलाओं को भी रोजगार हासिल हो रहा था। उनके भी घर चल रहे थे।
विदश से भी आने लगे थे ऑडर
मन की बात में प्रधानमंत्री की तारीफ पाने के बाद शोभा बहुत उत्साहित थीं। होती भी क्यों नहीं, अब उनके पास सिर्फ देश ही नहीं, साथ विदेश से भी आर्डर आने लगे थे। उनको और उनके प्रोडक्ट को ग्लोबल पहचान मिलने लगी थी। लेकिन शायद नियति को कुछ और ही मंजूर था। उनके जीवन में एक बहुत बड़ी ट्रेजडी हो गयी। शोभा बीमार पड़ी। उनको हार्ट अटैक आया। कई बार डॉक्टरों ने उनको वेंटिलेटर पर रखा। ओपन हार्ट सर्जरी तक करानी पड़ी। दिल्ली में लम्बे समय तक उनका इलाज चला. काफी खर्च के बाद शोभा की जान तो बच गयी लेकिन इंफेक्शन की वजह से शोभा का एक हाथ काटना पड़ा। एक आर्टिस्ट जिसकी पहचान उसके हाथ से बनाई हुई कला से थी, वही हाथ काट देना पड़ा। डॉक्टरों के लिए भी शोभा के हाथ को काटने का फैसला लेना कोई आसान काम नहीं था। लेकिन इस मुश्किल घड़ी में भी शोभा टूटी नहीं। उसका हौसला हिमालय की तररह अडिग रहा। और आज भी शोभा नहीं टूटी है।
रांची सांसद मिलने आये
एक हाथ नहीं होने के बावजूद शोभा फिर से, उसी जोश और उत्साह के साथ अपने काम में जुट गयी है। रांची के सांसद संजय सेठ को जैसे ही पता चला कि शोभा का एक हाथ अब नहीं रहा, तो वे शोभा से मिलने खुद चलकर उसके घर पहुंचे। उन्होंने शोभा के हौसले की तारीफ करते हुए उसे भरोसा दिया कि वे शोभा की हर मुमकिन मदद करेगे। आखिर में आपको बता दें कि शोभा के हाथ से बने राम दरबार झारखंडी संस्कृति की गुड़िया को सांसद संजय सेठ ने ही प्रधानमंत्री तक पहुंचाया था। हमें शोभा की अलग से तारीफ करनी चाहिये, क्योंकि वो आज एक ही हाथ के सहारे वोकल फोर लोकल अभियान को भी देशभर में पहुंचाने में लगी हुई है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N