द फॉलोअप डेस्क
दिल्ली के लाजपत नगर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक महिला और उसके नाबालिग बेटे की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गयी। दोनों की लाशें उनके घर से खून से सनी हालत में बरामद हुईं। इस दोहरे हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मामले में चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब जांच में सामने आया कि यह हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि घर में काम करने वाले नौकर ने ही की थी।
घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों ने देखा कि 2 दिनों से घर में कोई हलचल नहीं हो रही है। जब दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और अंदर दाखिल हुई। घर के अंदर का मंजर बेहद भयावह था, 42 वर्षीय महिला रुचिका का शव बेड के नीचे पड़ा था और 14 साल के बेटे कृष की लाश बाथरुम में मिली। दोनों के गले धारदार हथियार से काटे गए थे।
जांच में सामने आया कि हत्या के बाद से ही घर में काम करने वाला नौकर मुकेश फरार था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरु की और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुकेश ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह बीमार था, फिर भी रुचिका उसे काम पर बुलाती थी, डांटती थी और ताने मारती थी। खुद को बार-बार अपमानित महसूस करने पर वह गुस्से में आ गया और पहले मालकिन की हत्या कर दी। जब बेटे कृष ने उसे देख लिया तो उसने गवाह मिटाने के लिए उसकी भी जान ले ली। मिली जानकारी के मुताबिक, मुकेश पिछले 4 सालों से मृतका की कपड़ों की दुकान पर काम कर रहा था।
