रांची
रांची की रहने वाली युवती प्रेरणा का नाम कथित तौर पर एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़ने के बाद भारतीय जांच एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मॉस्को से प्राप्त इंटरपोल के इनपुट के आधार पर केंद्रीय एजेंसियों के साथ-साथ झारखंड की सुरक्षा एजेंसियों ने भी जांच तेज कर दी है।
संभावित ठिकानों और संपर्कों की हो रही पड़ताल
सूत्रों के अनुसार, इंटरपोल ने भारतीय एजेंसियों के साथ कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की थीं, जिनमें प्रेरणा का नाम भी शामिल बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से नाम जुड़ने के बाद वह नेपाल के रास्ते भारत लौट आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं की गई है। इन जानकारियों के बाद जांच एजेंसियां उसके संभावित ठिकानों, गतिविधियों और संपर्कों की गहन पड़ताल कर रही हैं। झारखंड पुलिस मुख्यालय की स्पेशल ब्रांच ने भी संबंधित जिलों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। राज्य के विभिन्न जिलों की पुलिस उसके स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के संपर्कों की जांच में जुटी हुई है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रख रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल दावों की भी हो रही जांच
इस पूरे मामले के बीच सोशल मीडिया पर प्रेरणा से जुड़े कई पोस्ट और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनमें उसके विदेश में रहने, कथित गतिविधियों और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से संबंधों को लेकर विभिन्न दावे किए जा रहे हैं। हालांकि, इन दावों और वायरल सामग्रियों की अब तक किसी भी आधिकारिक एजेंसी ने पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही सूचनाओं का भी सत्यापन कर रही हैं और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।