logo

दिल्ली  : पीएम ने "मन की बात" के जरिये दिया स्वच्छता का संदेश, आपातकाल का भी किस्सा सुनाया

Modi_mann_ki_baat.jpg

डेस्क :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 90वीं कड़ी में जनता को संबोधित किया हैं। आज रविवार को नरेंद्र मोदी ने अपने 'मन की बात' कार्यक्रम में सन् 1975 में लगे आपातकाल का ज़िक्र किया और बताया कि उस समय सरकार ने कैसे गायक किशोर कुमार पर भी बैन लगा दिया था। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार की वाहवाही से इनकार करने की वजह से किशोर कुमार पर ये रोक लगी थी। उन्होंने कार्यक्रम में नदी-समुद्र तटों पर गंदगी का भी मुद्दा उठाया और ‘कचरे से कमाई’ के लिए प्रेरित करने को मिजोरम की एक ‘चिटे लुई’ नदी का उदाहरण दिया।  


 
आपातकाल में भारत के लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास हुआ- मोदी  
कार्यक्रम में बरसों पहले 1975 की घटना सुनाते हुए मोदी ने कहा कि जून का वही समय जब आपातकाल लागू किया गया था। उसमें देश के नागरिकों से सारे अधिकार छीन लिए गए थे। छीने गए अधिकारों में एक अधिकार संविधान का अनुच्छेद 21 के तहत सभी भारतीयों को मिला Right to life and personal liberty भी था। सेंसरशिप की ये हालत थी कि बिना स्वीकृति के कुछ भी छापा नहीं जा सकता था। पीएम ने कहा कि उस समय भारत के लोकतंत्र को कुचल देने का प्रयास किया गया था। देश की अदालतें, हर संवैधानिक संस्था, प्रेस, आदि पर नियंत्रण लगा दिया गया था। लेकिन बहुत कोशिशों और  हज़ारों गिरफ़्तारियों के बाद भी भारत के लोगों का लोकतंत्र से विश्वास नहीं डिगा।  जो लोकतंत्र की भावना हमारी रग-रग में है, आख़िरकार उसकी जीत हुई। 

पॉलिथिन से सड़क बनाने के काम को सराहा 
मोदी ने स्वच्छता के लिए लोगों को एक उदाहरण के जरिये प्रेरित किया। इसके लिए मिज़ोरम की राजधानी आइजोल का एक उदाहरण दिया।  उन्होंने कहा कि आइजोल में एक खूबसूरत नदी है, जिसका नाम है ‘चिटे लुई’ . बरसों की उपेक्षा के चलते ये नदी गंदगी और कचरे के ढेर में बदल गई थी। इस नदी में और इसके किनारों पर बहुत बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और पॉलिथीन का कचरा भरा हुआ था। नदी को बचाने के लिए काम कर रही संस्था ने इसी पॉलिथिन से सड़क बनाने का फैसला लिया। उसके बाद मिज़ोरम के एक गांव में प्लास्टिक रोड बनाई गई।  ये मिजोरम राज्य की इस तरह की पहली रोड है।  पीएम मोदी ने कहा कि इस तरह स्वच्छता के साथ विकास को भी गति दी गई। पीएम ने इस तरह के प्रयासों को प्रेरणादायी और सिंगल यूज़ प्लास्टिक के कचरे से निपटने में सहायक बताया।