द फॉलोअप डेस्क:
नीट पेपर लीक के खिलाफ जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर 20 जुलाई को लाठीचार्ज के विरोध में आज विपक्षी दलों के सांसद काले कपड़े में संसद पहुंचे। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, आरजेडी, टीएमसी समेत अन्य दलों के सांसदों ने काले लिबास में संसद भवन परिसर में तख्तियां और बैनर लेकर विरोध प्रदर्शन किया। विपक्ष ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के अलावा पीएम मोदी और गृहमंत्री का इस्तीफा मांगा। विपक्ष ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की खामियां बताने सड़क पर निकले छात्रों पर लाठीचार्ज काफी शर्मनाक है। लोकसभा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदर्शनकारी छात्रों का हाथ तोड़ दिया गया। उनका सिर फोड़ दिया गया। बच्चियों के कपड़े फाड़े गए। सरकार चर्चा से क्यों भागना चाहती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री सदन के भीतर बोलें। उन्होंने कहा कि बात समाजवादी पार्टी, कांग्रेस या किसी अन्य दल की नहीं है, बल्कि यह छात्रों का मुद्दा है।
संसद भवन परिसर में लामबंद विपक्ष काले कपड़े में प्रदर्शन करते हुए। इस्तीफे की मांग के साथ लगे नारे pic.twitter.com/0gEBcJxq6Z
— Madhurendra kumar मधुरेन्द्र कुमार (@Madhurendra13) July 22, 2026
अखिलेश यादव ने सरकार से मांगा जवाब
अखिलेश यादव ने कहा कि मैं और राहुल गांधी 21 जुलाई को मजबूरी में पीएम आवास के बाहर बैठे, क्योंकि प्रधानमंत्री सदन के भीतर युवाओं के मुद्दे पर हमारे सवालों का जवाब नहीं देते। यदि सदन में युवाओं की बात नहीं सुनी जाएगी तो जाहिर है कि वे सड़क पर उतरे। अखिलेश यादव ने कहा कि सड़क पर अपनी बात कहने उतरे युवाओं के साथ 20 जुलाई को पुलिस ने ठीक व्यवहार नहीं किया। बच्चों का हाथ तोड़ दिया गया, उनका रिर फूटा और कपड़े फाड़े गए। क्या आप बेटियों के कपड़े फाड़ेंगे?

20 जुलाई को छात्रों पर हुआ था लाठीचार्ज
गौरतलब है कि 20 जुलाई को नीट पेपर लीक समेत शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं में व्याप्त खामियों को लेकर शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांग रहे प्रदर्शनकारी छात्र संसद भवन की ओर मार्च करना चाहते थे, लेकिन दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स की टीम ने उनको रोका। इस दौरान बलप्रयोग भी किया गया। लाठीचार्ज, टियर गैस, पैलेट गन और वाटर कैनन का इस्तेमाल करके छात्रों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान काफी संख्या में छात्र-छात्राओं को चोट लगी और पुलिसकर्मी भी घायल हुए।
21 जुलाई को लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के बाकी सांसदों के साथ लोक कल्याण मार्ग स्थित पीएम आवास के बाहर धरना प्रदर्शन पर बैठे। बाद में सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी वहां पहुंचे। उन्हें दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया।