द फॉलोअप डेस्क
तेलंगाना के कुरनूल जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शादी के महज एक महीने बाद एक नवविवाहिता ने अपने पति की हत्या करवा दी। इस सनसनीखेज वारदात में पत्नी के साथ उसकी मां भी शामिल थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि प्रेमी और हत्यारे अभी फरार हैं।
मिली जानकारी के अनुसार कुरनूल के रहने वाले 32 वर्षीय तेजेश्वर पेशे से डांस टीचर और लैंड सर्वेयर थे। उनकी शादी 18 मई 2025 को ऐश्वर्या नाम की युवती से हुई थी। लेकिन शादी के ठीक एक महीने बाद, 17 जून को तेजेश्वर की लाश एक नहर से बरामद हुई। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो हैरान कर देने वाली सच्चाई सामने आई। जांच में पता चला कि ऐश्वर्या शादी के बाद भी एक बैंक कर्मचारी से गुपचुप बातचीत कर रही थी। कॉल डिटेल्य से पता चला कि दोनों ने 2000 से ज्यादा बार एक-दूसरे से बात की थी। तेजेश्वर के परिवार को ऐश्वर्या पर पहले से शक था, लेकिन तेजेश्वर ने किसी की नहीं सुनी और शादी कर ली। पुलिस की पूछताछ में ऐश्वर्या और उसकी मां सुजाता ने खुलासा किया कि दोनों का रिश्ता एक ही बैंक कर्मचारी से था। पहले मां उससे जुड़ी थी, फिर बेटी भी उसके के साथ प्रेम संबध में आ गयी। फिर दोनों ने मिलकर तेजेश्वर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
17 जून को ऐश्वर्या के प्रेमी ने पेशेवर अपराधियों की मदद से तेजेश्वर को सर्वे के काम के बहाने बुलाया। वहां उसकी हत्या कर दी गई और शव को पन्यम के पास नहर में फेंक दिया गया। हत्या का मकसद तेजेश्वर की संपत्ति पर कब्जा करना बताया गया है। पुलिस का कहना है कि ऐश्वर्या को पति से कोई लगाव नहीं था। यह मामला इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड जैसा ही है, जिसमें पत्नी सोनम ने हनीमून के दौरान पति की हत्या कर दी थी। दोनों मामलों में प्रेम, धोखा और लालच की कहानी एक जैसी है। तेजेश्वर के परिवार ने बताया कि ऐश्वर्या शादी से पहले एक बार घर से भाग भी गई थी, लेकिन बाद में लौटकर सबको मना लिया। अब परिवार न्याय की मांग कर रहा है और दोषियों को कड़ी सजा देने की अपील कर रहा है। कुरनूल पुलिस ने ऐश्वर्या और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, प्रेमी और हत्यारों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि यह पूरी तरह से सुनियोजित साजिश थी और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
