logo

22 करोड़ से बचेगी 6 महीने के राजवीर की जान, इस दुर्लभ बीमारी से जूझ रहा मासूम

Rajveej-child.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
नाम- राजवीर। उम्र- सिर्फ छह महीने। पता- खूंटी। दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है यह नन्हा। पूरा शरीर शिथिल पड़ चुका है। रांची के रानी चिल्ड्रेन हॉस्पिटल में पिछले कई दिनों से एडमिट है राजवीर। डॉक्टर कह रहे हैं कि राजवीर को ‘स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी टाइप-1’ नाम की बीमारी ने जकड़ रखा है। बच्चे को बचाने के लिए उसे जोलजेस्मा इंजेक्शन लगाना होगा। दिक्कत यह है कि यह इंजेक्शन सिर्फ अमेरिका में ही मिलता है। कीमत है 16 करोड़ रुपये। अमेरिका से भारत लाने पर टैक्स आदि मिलाकर एक इंजेक्शन की कीमत करीब 22 करोड़ रुपये हो जायेगी। डॉक्टर कह रहे हैं कि राजवीर की जिंदगी बचानी है, तो यह इंजेक्शन जरूरी है, वरना...। अब राजवीर के पिता राहुल प्रसाद कह रहे हैं कि वह प्राइवेट जॉब करते हैं। उनकी इतनी हैसियत नहीं कि वह अपने बच्चे के लिए इतना महंगा इंजेक्शन खरीद सकें। सो, उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से मदद की गुहार लगायी है। हां, आप पाठकों को भी इस मासूम बच्चे की मदद करने से किसी डॉक्टर ने मना नहीं किया है।

पहले सर्दी-खांसी हुई और फिर...
नन्हे राजवीर के पिता राहुल प्रसाद कहते हैं कि जन्म के करीब दो महीने बाद बच्चे को सर्दी-खांसी और कफ हुआ था। उन्होंने उसे रांची के एक चाइल्ड स्पेशलिस्ट से बच्चे का इलाज करवाया। जुलाई में राजवीर को फिर सर्दी-खांसी हुई। तब अरगोड़ा के एक अस्पताल में उसे एडमिट कराया। फिर भी कोई सुधार नहीं हुआ। उसके बाद उसे रानी चिल्ड्रेन हॉस्पिटल में एडमिट कराया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कहा कि राजवीर स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी टाइप-1 बीमारी से पीड़ित है। डॉक्टर ने बताया कि यह आनुवांशिक बीमारी है, जो माता या पिता के जरिये बच्चे में आती है। यह बीमारी किसी भी उम्र में हो सकती है। डॉक्टर सलाह दे रहे हैं कि बच्चे को बाहर ले जाओ। फिलहाल बच्चे को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।

इंजेक्शन मिल भी जाये, तो रांची में लगाना संभव नहीं, दिल्ली जाना होगा
बच्चे के पिता राहुल ने बताया कि रानी चिल्ड्रेन हॉस्पिटल के डॉ राजेश कुमार का कहना है कि राजवीर के लिए इंजेक्शन मिल भी जाये, तो उसे यह इंजेक्शन लगवाने के लिए दिल्ली स्थित एम्स ले जाना होगा, क्योंकि यह इंजेक्शन वहीं लगाया जाता है। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N