logo

दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA की महारैली आज, सीएम चंपाई और कल्पना होंगे शामिल 

maharalley.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दिल्ली के रामलीला मैदान में आज इंडिया गठबंधन की महारैली है। इस रैली में विपक्षी गुट की 27 पार्टियां शामिल होंगी। इस महारैली में झारखंड के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन भी शामिल होंगी। इस रैली को “तानाशाही हटाओ, लोकतंत्र बचाओ”नाम दिया गया है। बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने इंडिया अलायंस की रैली का आयोजन किया है। रैली में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल पूरे देश के सामने सीएम का संदेश पढ़ेंगी। 


दिल्ली में इनसे मिली कल्पना
गौरतलब है कि इस महारैली में शामिल होने के लिए कल्पना मूर्मु सोरेन शनिवार को ही दिल्ली पहुंची। कल्पना मुर्मू सोरेन ने दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच लोकसभा चुनाव की तैयारियों और झारखंड में सियासी हालात पर चर्चा हुई। इससे पहले कल्पना मुर्मू सोरेन ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल के साथ मुलाकात की। कल्पना मुर्मू सोरेन दिल्ली में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सांसद संजय सिंह की पत्नियों से भी मिलीं।

ये लोग होंगे महारैली में शामिल
दिल्ली के रामलीला मैदान में होने जा रही इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, शरद पवार, उद्धव ठाकरे, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, फारुख अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती, चंपाई सोरेन, कल्पना मुर्मू सोरेन शामिल होंगी।  दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने इस महारैली की घोषणा की थी। इस रैली के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। खबर लिखने तक रैली में शामिल होने के लिए नेताओं के पहुंचने का दौर शुरू हो गया था।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें- https://chat.whatsapp.com/B5Ez1xqYOyL74JlHFO8Y86

 

Tags - National newsArvind KejriwalIndia alliance